सहारनपुर। सूर्य देव की उपासना के महापर्व छठ पूजा पर मानकमऊ बड़ी नहर पर भव्य आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजन के लिए पहुंचे। घाट पर बनाई वेदी पर अनुष्ठान और विशेष पूजन किया तो नहर के पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया। पूजन के दौरान जय छठ मैया का जयकारा गूंजता रहा।
मानकमऊ घाट पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर नगर निगम और प्रशासन की तरफ से पहले ही तैयारियां कर ली गई थीं। श्रद्धालुओं को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ पूजन करने को कहा गया था। शुक्रवार को दोपहर से ही श्रद्धालु मानकमऊ घाट पर पहुंचने शुरू हो गए थे। घाट पर परिवारों ने पूजन के लिए वेदी बनाई हुई थी। पूजन के दौरान महिलाओं ने छठ मइया सुन लो अरज हमार, सुनिहा अरज छठी मइया बाढ़े कुल परिवार आदि गीत गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। उधर, पांवधोई नदी पर बाबा लालदास बाड़ा पर भी छठ पूजन का कार्यक्रम हुआ। डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने भी परिवार सहित वहीं पर पूजन किया। इस दौरान महापौर संजीव वालिया, पूर्व विधायक राजीव गुंबर सहित कई नेता भी श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और छठ पूजा की शुभकामना दीं।
व्यवस्था बनाने में जुटे रहे छठ कार्यकर्ता
मानकमऊ बड़ी नहर घाट पर आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में छठ पूजा सेवा समिति के पवन सिंह, संतोष शाह निहुआ, आनंद सिंह, अर्जुन यादव, रामा शंकर सिंह, पंडित अवधेश तिवारी, सन्नी राय, भारत यादव, तन्नु शाह, गोलू यादव, राजीव रावत, सावन यादव, ब्रिजेश सिंह, लक्ष्मण कुशवाह और संतोष शाह आदि जुटे रहे। वॉकी टॉकी लेकर कार्यकर्ता घूमते रहे और लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहते रहे। वहीं, कंट्रोल रूम से भी लोगों को कोविड गाइडलाइन का पालन करने को आगाह किया जाता रहा। पूर्वांचल सांस्कृतिक सभा के जिलाध्यक्ष आरपी यादव, हरिशरण तिवारी, राममूरत यादव, राम आशीष यादव, अखिलेश यादव, रामसमूझ, जयराम प्रजापति आदि भी व्यवस्था बनवाने में शामिल रहे।
इस तरह किया पूजन
छठ पूजा के लिए श्रद्धालु घर से सभी तैयारियां करके पहुंचे थे। अपने साथ ही पूजन सामग्री लेकर गए थे। पूजन में फलों में केला, अनानास, सेब, अमरूद, संतरा के अलावा मूली, शकरकंदी और नारियल भी पूजन में शामिल किया गया। इसके अलावा गन्ना और मीठी पूरी (मठिया) भी श्रद्धालु घर से ही बनाकर लाए थे। वेदी को फूल माला से सजाया गया था। धूप, अगरबत्ती और दीपक भी जलाया गया। माथे पर महिलाओं ने सिंदूर से तिलक किया हुआ था। छाज, टोकरी आदि में पूजन सामग्री लेकर महिलाएं और पुरुषों ने नहर में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। लेबर कॉलोनी निवासी रमा झा और गलीरा रोड निवासी राम आशीष ने बताया कि छठ मइया का पूजन हर साल यहां करते हैं, इस बार छठ मइया से कोरोना को परास्त करने की भी दुआ मांगी गई।
सैनिटाइजेशन और थर्मल स्क्रीनिंग भी कराई गई
नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मानकमऊ घाट पर छठ पूजा के दौरान सैनिटाइजेशन और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था भी कराई गई। कई कर्मी इसी कार्य में लगाए गए थे, जो घाट पर पहुंचने वाले मार्ग के गेट पर ही श्रद्धालुओं की जांच कर रहे थे।
पुलिस रही तैनात, रूट किया डायवर्ट
छठ पूजा के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी और सीओ सहित अन्य अधिकारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे। वहीं, गंगोह रोड से नकुड़ चौकी की तरफ जाने वाले मार्ग के पास ही पुलिस ने बेरीकेडिंग करके रूट डायवर्ट कर दिया था। ताकि मानकमऊ बड़ी नहर घाट की तरफ वाहन ना आ जा सकें। घाट पर महिला पुलिसकर्मियों को तैनात रखा गया।
नहर में खड़े होकर ली गई सेल्फी
छठ पूजा के दौरान युवाओं में सेल्फी लेने का भी खूब क्रेज नजर आया। कोई घाट पर खड़े होकर ही परिवार के संग सेल्फी ले रहा था तो कोई पूजन के पश्चात नहर के पानी में खड़े होकर सेल्फी लेता नजर आया।
सहारनपुर की बड़ी नहर पर छठ पूजा करती महिलाएं- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर की बड़ी नहर पर छठ पूजा पर उमड़ी भीड- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर की बड़ी नहर पर मास्क लगा कर छठ पूजा करती महिला- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर की बड़ी नहर पर छठ पूजा करती महिलाएं- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर की बड़ी नहर पर छठ पूजा करती महिलाएं- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर की बड़ी नहर पर छठ पूजा पर सेल्फी लेती युवतियां- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर की बड़ी नहर पर छठ पूजा करती महिलाएं- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर के बड़ी नहर पर छठ पूजा करती महिलाएं- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर के बड़ी नहर पर छठ पूजा के दौरान के दौरान उमड़ी भीड़- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर के बड़ी नहर पर छठ पूजा के दौरान पुल पर तैनात पुलिस बल- फोटो : SAHARANPUR