- पांच निजी अस्पताल चिह्नित, 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बढ़ाई सुविधाएं
- हाईवे पर हादसे में घायल लोगों को प्राथमिकता के साथ मिलेगा कैशलैस इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। सड़क हादसों में घायलों का इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों की सूची तैयार कर ली है। इन अस्पतालों में घायल लोगों को प्राथमिकता के साथ कैशेलस इलाज मिलेगा, जिसका भुगतान अस्पतालों के बैंक खाते में होगा।
सड़क हादसों में मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। इसी के चलते हादसों में घायल होने वाले लोगों को बचाने की कवायद तेज हो गई है। सड़क दुर्घटनाओं के घायलों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने कैशलेस उपचार योजना लागू की है। इसके तहत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को नजदीकी किसी भी ट्रामा सेंटर या सक्षम अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने पांच निजी अस्पतालों को चिह्नित किया है। इनमें दिल्ली रोड मेडिग्राम, पेगासस, बाजोरिया रोड पर एकता अस्पताल, आनंद ऑर्थोपेडिक्स एवं ट्रामा सेंटर और सहारनपुर चैरिटेबल अस्पताल शामिल हैं। इनके अलावा 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाया गया है। इनमें अंबेहटा पीर, बेहट, सरसावा, देवबंद, फतेहपुर, गंगोह, हरौड़ा, नागल, नकुड़, नानौता, पुवांरका, रामपुर मनिहारान, सढ़ौली कदीम के साथ ही एसबीडी जिला अस्पताल व राजकीय मेडिकल कॉलेज है।
इन अस्पतालों में घायलों का कैशलेस इलाज होगा। चयनित अस्पतालों का क्यूआर कोड बनाकर एक खाते से लिंक किया जाएगा। जो अस्पताल आयुष्मान भारत योजना से अनुबंध हैं, उनमें यह भी सुविधा लागू होगी। उधर, डिप्टी सीएमओ डॉ. कुणाल जैन ने बताया कि अस्पतालों को चिह्नित कर लिया है।
हाईवे पर लगाए जाएंगे क्यूआर कोड
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन एमपी सिंह का कहना है कि चिह्नित अस्पतालों में आसानी से पहुंचा सके, इसलिए हाईवे पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। सड़क हादसों की रोकथाम के लिए सख्त उठाए जा रहे हैं। सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।