सहारनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2022 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए जनपद में 101 प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की है। यदि किसी व्यक्ति को किसी परीक्षा केंद्र को लेकर कोई आपत्ति है तो वह जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में 13 जनवरी की शाम पांच बजे तक दर्ज करा सकता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवि दत्त ने बताया कि दसवीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत किया गया है। प्रधानाचार्यों के द्वारा परिषद की वेबसाइट पर अपने विद्यालयों के संबंध में सूचना अपलोड की गई थी। अपलोड की गई सूचनाओं की हकीकत जानने के लिए भौतिक सत्यापन भी कराया गया है। जिसके आधार पर परिषद ने जनपद में 101 प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची छात्र आवंटन सहित भेजी है, जिसकी प्रतियां उनके कार्यालय और राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करा दी गई है। इसके अलावा यह परिषद की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। यदि किसी छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य या प्रबंधक को कोई आपत्ति है तो वह अपना प्रत्यावेदन ई-मेल के जरिए, डाक के जरिए या फिर सीधे वाहक के माध्यम से 13 जनवरी की शाम पांच बजे तक उनके कार्यालय में दे सकता है। निर्धारित तिथि के बाद किसी प्रत्यावेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।