थाने में हादसे की तहरीर देते हुए।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के नानौता में रिश्तेदारी में शादी में शामिल होकर बाइक से वापस लौट रहे दो चचेरे भाइयों की अज्ञात वाहन से कुचले जाने से मौके पर ही मौत हो गई।
पीछे रोडवेज बस में आ रहे मृतकों के परिजनों ने उन्हें पहचान कर पुलिस को सूचना दी। उनके परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। उनमें एक कार मिस्त्री तो दूसरा नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी था।
थानाभवन निवासी 36 वर्षीय राकेश पुत्र रहतूलाल अपने चचेरे भाई थाना भवन नगर पालिका में सफाईकर्मी 34 वर्षीय अनिल पुत्र हरि सिंह के साथ रामपुर मनिहारान में अपनी रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने आए थे।
रविवार की शाम सात बजे वे बाइक से वापस लौट रहे थे। नानौता थाना क्षेत्र में जब वे खुडाना नहर पुल के पास पहुंचे तो किसी वाहन ने उन्हें कुचल दिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
इसी दौरान पीछे से आ रही रोडवेज बस हादसे को देख कर रुकी तो उसमें सवार मृतकों के परिजन सुनील और राहुल ने उन्हें पहचान लिया। इसके बाद हादसे की खबर घर पर और पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भर कर उन्हें पीएम पर भिजवाया। परिजन भी थाने पहुंचे और उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई। राकेश नानौता में कार मिस्त्री की दुकान करता था। उसके दो बेटियां और एक बेटा है। तीनों बच्चे छोटे हैं। यही पारिवारिक स्थिति अनिल की है।