फायरिंग करते वीडियो वायरल करने पर लाइसेंसी हथियार जब्त
सहारनपुर। जिले के साढ़ौली हरिया गांव में दो हथियारों से फायरिंग करने का वीडियो वायरल होने के मामले में देहात कोतवाली पुलिस ने दोनों शस्त्र जब्त करवा लिए हैं। इस मामले में दर्ज केस की विवेचना के बाद दोनों शस्त्रों के लिए लाइसेंस निरस्त कराने की संस्तुति जिलाधिकारी कार्यालय को भेज दी गई है।
देहात कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया के मुताबिक दीपावली के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक शख्स पिस्टल और रायफल से फायरिंग करते हुए नजर आ रहा था। वीडियो में दिखने वाला शख्स साढ़ौली हरिया निवासी मनजीत था। पुलिस ने घटना की जांच की तो मनजीत के परिवार ने बताया गया कि डेढ़ साल पहले जब पिस्टल ली गई थी तभी दोनों शस्त्रों को चेक करने के लिए फायरिंग की गई थी। परिवार के ही एक सदस्य ने उस समय वीडियो बना ली और उसे अब वायरल कर दिया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शस्त्र लाइसेंस लेने के बाद वीडियो वायरल होने और शस्त्र के दुरुपयोग की स्थिति पर दोनों शस्त्र जब्त कराए गए हैं। इनमें रायफल का लाइसेंस मनजीत के पिता के नाम से है। इससे पहले देवबंद में भाजपा नेता नितिन गुप्ता का भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। इसके चलते उन पर भी केस दर्ज करने के बाद शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की जा चुकी है।
--------------
सोशल मीडिया पर धायं धायं करना पड़ेगा भारी
- सोशल मीडिया पर फायरिंग की वीडियो वायरल की घटनाएं बढ़ने के बाद जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसी गतिविधियों पर नजर रखें। आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर ऐसे मामलों में और निगरानी रखने को कहा गया है। सोशल मीडिया पर इस तरह शस्त्रों का प्रदर्शन अब भारी पड़ेगा क्योंकि ऐसे लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराए जाएंगे।