घंटाघर पर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के लिए निकाले गए पैदल मार्च के दौरान छात्र
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। संभागीय परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत छात्रों ने सीट बेल्ट और हेलमेट नहीं लगाने वाले चालकों को फूल देकर यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया।
देहरादून रोड स्थित कार्यालय से पैदल मार्च की शुरूआत की गई, जिसमें एनसीसी व स्काउट गाइड के छात्रों ने देहरादून रोड, घंटाघर और अंबाला रोड सहित अनेक इलाकों में पेंफ्लेट बांटकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। तत्पश्चात चिलकाना रोड स्थित मंडी में आने वाले लोगों को यातायात के नियम बताए और वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए। इसके साथ ही परिषदीय विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। मास्टर ट्रेनर डॉ. अजय कुमार ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और बचाव को लेकर विस्तार से प्रकाश डाला। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राधेश्याम ने शिक्षकों से अपील की कि खुद भी यातायात नियमों का पालन करते हुए छात्रों को भी जागरूक करें। इस दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आरपी मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण दूबे, यातायात निरीक्षक पवन तोमर मौजूद रहे।