गांव आलमपुर खुर्द के जंगल में ग्रामीणों के साथ तेंदुए की तलाश करती वन विभाग की टीम
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट (सहारनपुर)। आलमपुर खुर्द गांव के जंगल में तेंदुआ देखा गया है, जिसके बाद से ग्रामीणों में दहशत है। लोग खेतों पर जाने से भी डर रहे हैं। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए दिन भर सर्च अभियान चलाया। इस दौरान टीम को खेतों में किसी जानवर के पद चिह्न मिले है, जिनकी वीडियोग्राफी कराई गई है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि पदचिह्न किस जानवर के है।
पिछले कई दिन से गांव आलमपुर खुर्द के जंगल में तेंदुए के होने की बात कही आ रही थी। ग्रामीण कृपाल सैनी, सतपाल, चंद्रपाल, जयचंद, जनेश्वर, देवीचंद, महेंद्र सैनी, पूर्व प्रधान अश्वनी आदि ने बताया कि खेतों में काम करने के दौरान गांव वालों तेंदुए को देखा है। ग्रामीण दहशत में है और अब खेतों की तरफ जाने से भी डर रहे हैं। उधर, वन विभाग की टीम ने बताया कि उन्हें तेंदुआ आलमपुर खुर्द निवासी आकाश की ट्यूबवेल पर देखे जाने की सूचना दी गई थी, जिसके बाद ट्यूबवेल के आसपास खेतों में सर्च अभियान चलाकर तेंदुए को पकड़ने के लिए जाल व पिंजरा आदि लगाया गया, लेकिन कहीं पर तेंदुए के होने के संकेत नहीं मिले। शिवालिक वन प्रभाग की शाकंभरी देवी वन रेंज क्षेत्राधिकारी आरएन किमौटी ने बताया कि खेतों में किसी जानवर के पदचिह्न मिले हैं, जिन्हें देखकर स्पष्ट तौर पर यह नहीं कहा जा सकता कि ये तेंदुए के पदचिह्न है। इनकी वीडियोग्राफी कराई गई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
जंगल में मिले पगचिन्ह- फोटो : SAHARANPUR