सहारनपुर। आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के पात्रों की सूची में शामिल लोगों के गोल्डन कार्ड बनाने के लिए 26 जुलाई से अभियान शुरू होने जा रहा है, जो नौ अगस्त तक चलेगा।
सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि अभियान प्रदेश स्तर पर शुरू हो रहा है। इसके तहत जनपद में भी गांवों में कैंप लगाकर लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे। जनपद में अभी तक करीब 50 फीसदी परिवारों यानी योजना में शामिल करीब 68 हजार परिवारों को कवर किया जा चुका है। शेष परिवारों को कवर करने करने के लिए अभियान शुरू किया जा रहा है।
योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुशील गुप्ता ने बताया कि जिन 50 फीसदी परिवारों को कवर किया गया है, उनमें सभी सदस्यों के कार्ड नहीं बने हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में करीब 6,85,000 लोग पात्रता सूची में शामिल हैं। जिनमें से अभी तक करीब 1,92,000 लोग कार्ड बनवा चुके हैं। अब भी करीब 4,93,000 लोग ऐसे हैं, जिन्होंने कार्ड नहीं बनवाया है। उन्होंने बताया कि कार्ड बनवाने का फायदा यह है कि 24 घंटे में किसी भी समय जरूरत पड़ने पर फ्री इलाज में बाधा नहीं आती है। इसलिए सूची में शामिल परिवारों के सदस्यों को कार्ड जरूर बनवाकर रखना चाहिए।
जनपद की रैंक सुधरी
आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के पात्रों के कार्ड बनाने के मामले में सहारनपुर प्रदेश में नौवें स्थान पर आ गया है, जो कुछ माह पहले तक 12वें स्थान पर था। इसके अलावा इलाज देने के मामले में सातवें स्थान पर है।
सीडीओ की अध्यक्षता में बनी टास्क फोर्स
आयुष्मान भारत योजना तथा मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के सफल संचालन के लिए सीडीओ की अध्यक्षता में टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसमें सीएमओ सचिव तथा जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कर्यक्रम अधिकारी आदि इसके सदस्य हैं।
कार्ड बनवाने के लिए यह जरूरी
गोल्डन कार्ड केवल उन्हीं लोगों के बनेंगे, जिनके घरों पर आयुष्मान भारत योजना या फिर मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के पत्र पहुंचे हुए हैं। पत्र में परिवार के जिन सदस्यों के नाम शामिल हैं उन्हीं के कार्ड बनाए जाने हैं। ऐसे लोगों को कैंप में राशन कार्ड, आधार कार्ड और योजना से जुड़ा पत्र लेकर पहुंचना होगा।
जिले में कार्डों की स्थिति
लाभार्थी परिवार: 137110
कुल लाभार्थी व्यक्ति: 685000
बने गोल्डन कार्ड: 192000