- सपा और भाजपा के प्रत्याशी आज करेंगे नामांकन
- बसपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद सीट के लिए सोमवार यानि आज नामांकन का अंतिम दिन है। इसके लिए भाजपा ने मुजफ्फरनगर की जिला पंचायत सदस्य वंदना वर्मा को प्रत्याशी घोषित किया है। जबकि सपा से मो. आरिफ जौला को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस और बसपा में प्रत्याशियों को लेकर मंथन जारी है। सही स्थिति सोमवार को ही स्पष्ट होगी।
मुजफ्फरनगर - सहारनपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद सीट के चुनाव में सोमवार को प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो जाएगी। अभी तक समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने ही प्रत्याशी घोषित किए हैं। इस सीट के लिए अभी तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया है। सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन ही प्रत्याशियों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। नामांकन पत्रों की जांच 22 मार्च हो होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 24 मार्च है। मतदान नौ अप्रैल को और मतगणना 12 अप्रैल को होगी। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली गुर्जर और बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद का कहना है कि पार्टी में प्रत्याशी को लेकर मंथन जारी है। पार्टी ने अभी तक किसी को भी प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी
सहारनपुर। कलक्ट्रेट में नामांकन को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। डीएम कोर्ट में नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। विधान परिषद की सीट के लिए सोमवार को भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मा और सपा प्रत्याशी आरिफ अपना नामांकन करेंगे। नामांकन के समय दोनों पार्टियों के जिलाध्यक्षों से लेकर नवनिर्वाचित विधायकों के मौजूद रहने की उम्मीद है। इनके अलावा कई निर्दलीय प्रत्याशी भी नामांकन करा सकतेे हैं।