सहारनपुर। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद सीट के लिए नामांकन के अंतिम दिन पांच प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। भाजपा की वंदना वर्मा, सपा के मोहम्मद आरिफ, निर्दलीय सुशील कुमार, प्रमोद आर्य एवं मोहम्मद जाहिद ने नामांकन पत्र दाखिल किए। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
कलक्ट्रेट स्थित डीएम कोर्ट में सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पांच प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। सपा और भाजपा के प्रत्याशी पार्टी के विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्हें जांच के बाद प्रस्तावकों के साथ जिलाधिकारी कोर्ट में नामांकन के लिए जाने दिया गया। सबसे पहले भाजपा की प्रत्याशी वंदना वर्मा नामांकन कराने पहुंचीं। उनके साथ जिला प्रभारी देवेंद्र कुमार शर्मा, प्रदेश मंत्री डॉ. चंद्रमोहन, सत्येंद्र सिसोदिया, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसवंत सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, शामली के जिलाध्यक्ष जितेंद्र तोमर, एमएलसी वीरेंद्र सिंह, मृगांका सिंह, विधायक बृजेश सिंह, कीरत सिंह, देवेंद्र निम, राजीव गुंबर, मुकेश चौधरी, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, नरेश सैनी, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन राजपाल सिंह, डीसीडीएफ चेयरमैन कृष्ण कुमार पुंडीर, ब्लॉक प्रमुख विश्वास कुमार आदि मौजूद रहे।
इसके बाद सपा प्रत्याशी मोहम्मद आरिफ नामांकन कराने पहुंचे। उनके साथ शामली विधायक प्रसन्न चौधरी, मीरापुर विधायक चंदन चौहान, थानाभवन विधायक अशरफ अली खान, चरथावल विधायक पंकज मलिक, सपा के प्रदेश सचिव चौधरी रूद्रसेन, सपा जिलाध्यक्ष डॉ. रागिब अंजुम, मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, रालोद के प्रदेश महासचिव चौधरी धीर सिंह, रालोद जिलाध्यक्ष राव केसर सलीम, पूर्व विधायक इमरान मसूद, विवेक कांत, कार्तिकेय राणा, सौरभ स्वरूप, डॉ नूर हसन, फैसल सलमानी, अब्दुल गफूर, प्रवीण बांदूखेड़ी, हसीन कुरैशी आदि मौजूद रहे। सपा के सहारनपुर जनपद के दोनों विधायक आशु मलिक और उमर अली खान नामांकन के समय कलक्ट्रेट नहीं पहुंचे। सपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि नामांकन के समय कम लोगों को अंदर जाने की अनुमति होने के चलते दोनों विधायक कलक्ट्रेट नहीं पहुंचे।
सहारनपुर का नहीं कोई प्रत्याशी
विधान परिषद सीट के लिए नामांकन कराने वाले पांचों प्रत्याशियों में से कोई भी जनपद सहारनपुर का नहीं है, जबकि इससे पहले तीन बार इस सीट पर जनपद के प्रत्याशी चुनाव में विजयी हो चुके हैं। भाजपा की प्रत्याशी वंदना वर्मा मुजफ्फरनगर के ग्राम कुतुबपुर की निवासी है। सपा प्रत्याशी मोहम्मद आरिफ मुजफ्फरनगर के जौला के रहने वाले हैं। निर्दलियों में सुशील कुमार और प्रमोद आर्य भी मुजफ्फरनगर के निवासी हैं, जबकि मोहम्मद जाहिद जनपद शामली के गांव सोंटा के रहने वाले हैं।
कांग्रेस-बसपा ने नहीं उतारे प्रत्याशी
विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस और बसपा ने प्रत्याशी नहीं घोषित किए हैं, जबकि इस सीट पर गत दो बार से बसपा का कब्जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस भी चुनाव जीत चुकी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली गुर्जर का कहना है कि पार्टी ने इस चुनाव में किसी भी प्रत्याशी को नहीं बनाया है। उधर, बसपा ने भी किसी को प्रत्याशी नहीं बनाया है।
विधान परिषद चुनाव के मतदाता
जनपद मतदाता मतदान स्थल
मुजफ्फरनगर 1823 07
शामली 900 05
सहारनपुर 2397 10
योग 5120 22
कलेक्ट्रेट में एमएलसी के लिये नामांकन करने पहुंची एमएलसी की भाजपा प्रत्याशी वंदना वर्मा साथ में- फोटो : SAHARANPUR
कलेक्ट्रेट में एमएलसी के नामांकन के दौरान लगी कार्यकर्ताओ की भीड़- फोटो : SAHARANPUR
कलेक्ट्रेट में एमएलसी के नामांकन के दौरान आयी भीड़ को रोकती पुलिस- फोटो : SAHARANPUR