निर्माणाधीन पाइप लाइन में हुई लीकेज
सहारनपुर, सरसावा। लाखों रुपये की लागत से जलापूर्ति के लिए नगर में अंबाला रोड के दोनों ओर बिछायी जा रही एक हजार मीटर लंबी पाइप लाइन कार्य समाप्ति से पहले ही छह स्थानों पर लीकेज हो गई। इसे लेकर नागरिकों तथा सभासदों ने कार्य तथा पीवीसी पाइप की गुणवत्ता पर सवाल उठाया है।
सरसावा में अंबाला रोड पर चिलकाना तिराहे से लेकर ईदगाह तक दोनों और जलापूर्ति के लिए 27 लाख रुपये की लागत से पीवीसी पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। हालांकि जिन स्थानों पर पाइप लाइन बिछ चुकी है वहां पर नागरिकों ने पीवीसी पाइप की गुणवत्ता को लेकर पहले भी विरोध जताते हुए नगर पालिका में शिकायत की थी। लेकिन एक सप्ताह में गुरुद्वारा साहिब, वीरसेवा मंदिर, थाने के सामने एवं शिव चौक मोड़ पर पाइप लाइन 6 स्थानों पर लीकेज हो चुकी है, जबकि अभी तक पाइप लाइन बिछाने का कार्य समाप्त भी नहीं हुआ है।
नगर के हाजी मसूद अहमद, चौधरी ठाठ सिंह, राव अकलाख, धर्मपाल सिंह, कुलदीप चौधरी, हरदीप सिंह, संजीव सैनी, रवि चौधरी, अनुज कांबोज तथा राकेश साहनी आदि ने नगर पालिका प्रशासन पर लोगों के नागरिकों के हितों के साथ खिलवाड़ करने तथा पैसे को बर्बाद करने का आरोप लगाया है।
इस संबंध में सरसावा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी भूप राम वर्मा ने कहा कि वे पाइपलाइन की गुणवत्ता की जांच कराएंगे। गुणवत्ता खराब पाई जाती है तो ठेकेदार का भुगतान रोक कर नोटिस जारी किया जाएगा।