गागलहेड़ी/ छुटमलपुर। आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने प्राइवेट स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें, बीस किलोमीटर में दो टोल प्लाजा में से एक को समाप्त करने, गैस की कालाबाजारी बंद कराने आदि मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपे।
बुधवार को कस्बे के महात्मा ज्योतिबाफुले तिराहे पर भीम आर्मी राव तैमूर और जिला संगठन मंत्री विनोद कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ता ने गागलहेड़ी थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने बताया कि प्राइवेट स्कूलों में एनसीईआरटी की जगह प्राइवेट प्रकाशकों की महंगी किताबें बच्चों को लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है। बताया कि गणेशपुर और सोना सय्यद माजरा टोल के बीच की दूरी बीस किमी भी नहीं है। एक टोल को बंद किया जाए।
बेहट तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में आसपा नेता सुबोध कुमार ने ग्राम कमालपुर के तालाब पर भूमाफिया के कब्जे को मुक्त कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि कुछ लोग गैस की कालाबाजारी कर रहे हैं जिससे आम उपभोक्ता को सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। बताया कि स्कूलों द्वारा एक दुकान विशेष से किताब खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है। ज्ञापन देने वालों में विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष विनोद पेगवाल, कर्मवीर सिंह गौतम, सचिन एडवोकेट, नौशाद अली, सौरभ सिंह, प्रवेश कश्यप, औरंगजेब खान, तालिब राईन आदि शामिल रहे। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन किया जाएगा।