सहारनपुर। पंत विहार में चोरों ने दिनदहाड़े डाकघर के अकाउंटेंट के मकान को खंगाल दिया। चोर नगदी समेत सात से आठ लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर गए। कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और घर के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली।
मूलरूप से नकुड़ निवासी सुनील जैन मुख्य डाकघर में अकाउंटेंट हैं। वह परिवार के साथ पंत विहार में रहते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को छुट्टी होने की वजह से घर पर ताला लगाकर वह परिवार के साथ नकुड़ चले गए थे। वह शाम को लौटे तो मकान के खिड़की उखड़ी र्हुई थी। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने दिनदहाड़े खिड़की के रास्ते घुसकर मकान को खंगाल दिया। चोर अलमारी में रखी नगदी समेत करीब सात-आठ लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर गए। पीड़ित से जानकारी पाकर कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने घर के नजदीक अन्य मकानों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली है। सीओ द्वितीय दुर्गा प्रसाद तिवारी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पुलिस जल्द चोरों को पकड़कर माल बरामद कर लेगी।