सहारनपुर। चिलचिलाती गर्मी पड़ रही है, प्लेटफार्म पर लगी बेंच पर यात्री बैठ नहीं पाते हैं तो अनारक्षित टिकट बुकिंग काउंटर परिसर में फर्श पर लेटने को मजबूर हैं। यहां पर बेंच सिर्फ तीन हैं, जिस कारण यात्रियों को फर्श पर ही बैठकर या लेटकर समय बिताना पड़ता है।
दरअसल, सहारनपुर से कई राज्यों के लिए यात्री सफर करते हैं। रोजाना ही बड़ी संख्या में यात्री रेलवे स्टेशन पर पहुंचते हैं। जिन यात्रियों की ट्रेन आने में देरी होती है, उन्हें स्टेशन पर ही इंतजार करना होता है, लेकिन उसके लिए प्लेटफार्म के बेंच पर बैठना यात्रियों के लिए मुश्किल हो रहा है। क्योंकि वहां पर धूप रहती है, ऐसे में यात्री अनारक्षित टिकट बुकिंग काउंटर के परिसर को ठिकाना बना रहे हैं। सोमवार को भी अनारक्षित टिकट काउंटर परिसर में ऐसे 20 से ज्यादा लोग मिले, जो अपने परिवारों के साथ फर्श पर बैठे थे, या फिर लेटे हुए थे। स्टेशन अधीक्षक कपिल शर्मा का कहना है कि स्टेशन पर पर्याप्त संख्या में बेंच हैं और यात्री प्रतीक्षालय भी है। यदि यात्री अपनी मर्जी से ही फर्श पर बैठ रहे हैं या लेट रहे हैं, तो उन्हें क्या कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को स्टेशन परिसर में उपलब्ध बेंच का उपयोग करना चाहिए।
--- चार दिन बाद आएगी टीम, चल रही मरम्मत
सहारनपुर। इन दिनों रेलवे स्टेशन पर रेलवे लाइनों की मरम्मत का कार्य जोरों पर चल रहा है। यह तैयारी चार दिन बाद 09 जुलाई को होने वाले निरीक्षण को लेकर चल रही हैं। क्योंकि चीफ सेफ्टी ऑफिसर अपनी टीम के साथ सहारनपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेंगी। इसी के चलते पहले से तैयारियां की जा रही हैं, ताकि टीम के साथ किसी तरह की खामी नजर ना आने पाए।