सहारनपुर के गंगाोह के बाढ़ीमाजरा में वांछित आरोपी को पकड़ने गई हरियाणा पुलिस को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस पर पत्थरबाजी भी की गई। हालांकि पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आरोपी को ले जाने में कामयाब रही।
आरोपी के पिता ने पुलिस पर महिलाओं से मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए सीओ को तहरीर दी है। शुक्रवार सुबह हरियाणा की कुरुक्षेत्र पुलिस गंगोह पुलिस को साथ लेकर गांव बाढ़ीमाजरा में वांछित आरोपी सद्दाम को पकड़ने गई थी।
सद्दाम कुरुक्षेत्र कोतवाली में अवैध तमंचे के किसी मामले में वांछित चल रहा है। सद्दाम पुलिस को उसके घर पर ही मिल गया। जब पुलिस ने उसे ले जाना चाहा तो घर की महिलाओं एवं अन्य परिजनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
शोर सुनकर अन्य ग्रामीण भी आ गए और पुलिस से सद्दाम को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। बावजूद पुलिस आरोपी को ले जाने में कामयाब रही।
उधर आरोपी सद्दाम के पिता जीशान ने सीओ राजेंद्र सिंह को तहरीर देकर हरियाणा और गंगोह पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए है। शुक्रवार सुबह गंगोह और कुरुक्षेत्र पुलिस कर्मी उसके घर में घुस आए।
पुलिसकर्मी बिना किसी वजह उसके पुत्र सद्दाम को घसीटकर अपने साथ ले जाने लगे। जब उसकी पुत्री तरन्नुम ने सद्दाम के अपराध के बारे में पूछा तो आरोपी तैश में आ गए और रायफल की बटों से तरन्नुम के साथ मारपीट और अभद्रता की।
इतना ही नहीं बल्कि उसकी 80 वर्षीय बूढ़ी मां और पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। जिसमें वह तीनों घायल हो गई। इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मी एनकाउंटर करने की बात कहते हुए सद्दाम को अपनी गाड़ी में डालकर ले गए।
निर्दोष पुत्र के एनकाउंटर की आशंका जताते हुए जीशान ने तुरंत कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उधर, कोतवाली निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि केवल कुरुक्षेत्र पुलिस ही आरोपी को पकड़ने के लिए गई थी। पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई है।