सहारनपुर। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए चिकित्सा विभाग ने व्यवस्था को चौबंद करना शुरू कर दिया है। जिन अस्पतालों में दूसरी लहर में कोरोना के इलाज की व्यवस्था दी गई थी। वहां फिर से कोविड वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। खास बात यह है कि एसबीडी जिला अस्पताल में पहली बार 100 बेड का कोविड वार्ड बनेगा।
कोरोना की दूसरी लहर में राजकीय मेडिकल कॉलेज, सीएचसी फतेहपुर, ग्लोकल मेडिकल कॉलेज और जनपद के आठ निजी अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था की गई थी। दूसरी लहर के खत्म होने के बाद सभी जगह कोविड वार्ड भी खत्म कर दिए गए थे। अब तीसरी लहर की दस्तक को देखते हुए प्रशासन और चिकित्सा विभाग ने फिर से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है, बल्कि पहले से अधिक तैयारी इस बार की जा रही है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में 100 बेड का कोविड वार्ड तैयार है, जिसमें एक मरीज को भर्ती भी किया जा चुका है। जरूरत पड़ने पर यहां के सभी 450 बेड को कोविड मरीजों के लिए आरक्षित किया जा सकता है। सीएचसी फतेहपुर में 50 बेड का कोविड वार्ड तैयार कर दिया गया है। ग्लोकल मेडिकल कॉलेज और आठ अन्य निजी अस्पतालों को भी विभाग की ओर से पत्र जारी कर तैयार रहने को कहा गया है, जिससे जरूरत पड़ने पर मरीजों को सही उपचार दिया जा सके। इस संबंध में जिलाधिकारी की ओर से बैठक भी कर ली गई है। सबसे खास बात यह है कि एसबीडी जिला अस्पताल में पहली बार 100 बेड का कोविड वार्ड बनाया जाएगा। इसकी वजह यहां दो ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट स्थापित होना है, जो कोविड मरीजों के इलाज में बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं।
आठ अन्य सीएचसी पर बन सकते हैं वार्ड
जनपद की नौ सीएचसी पर ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट स्थापित किए गए हैं। सीएचसी फतेहपुर में पहली दोनों लहर में भी कोविड वार्ड बनाए जा चुके हैं। इस बार भी वहां समय से वार्ड तैयार कर दिया गया है। मगर इस बार विभाग अन्य उन आठ सीएचसी पर भी कोविड वार्ड बनाने की तैयारी में है, जहां ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट लगे हैं। जरूरत पड़ने पर इन सीएचसी पर कम से कम 30-30 बेड के वार्ड बनाने की तैयारी है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में 100 और सीएचसी फतेहपुर में 50 बेड का कोविड वार्ड तैयार है। ग्लोकल मेडिकल कॉलेज और पूर्व में कोविड का इलाज करने वाले निजी अस्पतालों को पत्र जारी कर तैयार रहने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर हम उन सभी सीएचसी पर भी वार्ड तैयार करेंगे, जहां ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट लगे हैं। पहली बार जिला अस्पताल में 100 बेड का कोविड वार्ड बनाया जा रहा है।
डॉ. संजीव मांगलिक, सीएमओ।