गागलहेड़ी (सहारनपुर)। दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 13 वर्षीय किशोर पानी के तेज बहाव में बह गया। देर शाम तक उसकी तलाश की लेकिन पता नहीं चल सका। पुलिस भी गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश में जुटी थी। गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव हरौडा मुस्तहकम निवासी नईम का पुत्र शोयब मंगलवार की दोपहर को गांव के पास से गुजर रही हिंडन नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया था।
वह नहाता हुआ नदी में अंदर तक गया तो पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और धार के साथ बह निकला। उसके साथ साथ नहा रहे दोस्तों ने शोयब को नदी के तेज बहाव में बहता देख शोर मचाया, लेकिन कोई तैरना नहीं जानता था ऐसे में उसे निकालने की हिम्मत नहीं कर सका। इसके बाद उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण हिंडन नदी पर पहुंचे और घंटों तक उसकी तलाश की।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया और तलाश शुरू कराई। देर शाम खबर लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था। उसके परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था और वे उसकी सकुशल बरामदगी के लिए अल्लाह से दुआ कर रहे थे। शोयब अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा है।