ईंट के पथाई रेट बढ़ाने सहित अन्य मांगों को लेकर जिला ट्रेड यूनियन कौंसिल के नेतृत्व में भट्ठा श्रमिकों ने प्रदर्शन कर उप श्रमायुक्त को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि रेट नहीं बढ़ने से भट्ठा श्रमिकों के लिए गुजर बसर करना मुश्किल हो गया है।
सोमवार को उप श्रमायुक्त को सौंपे ज्ञापन में श्रमिकों ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन भट्ठा श्रमिकों की मजदूरी में बढ़ोत्तरी नहीं हो रही है। इसके चलते भट्ठा मजदूरों के लिए अपने परिवार का गुजरा करना बेहद मुश्किल हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका शत-प्रतिशत पंजीयन भी नहीं हुआ है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई बार मांग पत्र देने के बावजूद विभागीय स्तर पर श्रमिकों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ज्ञापन में उन्होंने ईंट पथाई रेट 600 रुपये प्रति हजार करने, निकासी का रेट 25 रुपये प्रति हजार करने, भराई रेट 40 रुपये प्रति हजार करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि भट्ठों पर पीने का स्वच्छ पानी और मेडिकल सुविधाएं सेवायोजकों की ओर से उपलब्ध कराने, श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा का मुफ्त इंतजाम कराने, भविष्य निधि, बोनस आदि समय से दिलाने, सीजन की अवधि में विस्तार करने, भट्ठों पर शौचालय की व्यवस्था कराने सहित अन्य मांग की गई।
इस दौरान सोनू कुमार, तीरंदाज, उस्मान, यामीन, अमित, संदीप कुमार, मनोज कुमार, देशराज, सुरेंद्र, राजकुमार, राम सिंह, इकबाल मौजूद रहे।
पीड़िता पर समझौता करने का दबाव ः सहारनपुर। गांव उनाली में किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने के आरोपी को सजा दिलाने की मांग को लेकर गई लोग एसएसपी आरपी सिंह यादव से मिले।
बताया कि आरोपी ने छेड़छाड़ करने के साथ ही जातिसूचक शब्द भी कहे हैं। वह गलती मानने की बजाय समझौता न करने की स्थिति में उल्टे पीड़ित परिवार पर कार्रवाई कराने की धमकी दे रहा है।