संवाद न्यूज एजेंसी
बेहट/सरसावा। मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को बेटियों को तहसील की कमान सौंपी गई। जनता इंटर कॉलेज की हाईस्कूल टॉपर रही इंटरमीडिएट की छात्रा खुशी को एसडीएम तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्रा वीनस को एक दिन के लिए तहसीलदार बनाया गया। उन्होंने जनसुनवाई की और अधिकारियों के सहयोग से शिकायतों का निस्तारण किया।
एसडीएम की गाड़ी खुशी को लेने के लिए जनता इंटर कॉलेज पहुंची। तहसील में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर खुशी का अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय कराया गया। इसके बाद एसडीएम के तौर पर खुशी ने जन सुनवाई की और उनके निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान खुशी ने प्रशासनिक कार्यों की भी जानकारी की।
वीनस ने भी तहसीलदार कार्यालय में जनसमस्याएं सुनी। इस अवसर पर एसडीएम बनाई गई खुशी ने एसडीएम मानवेंद्र सिंह का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उन्होंने उनका जनसुनवाई के दौरान सहयोग कर हौसला बढ़ाया।
सरसावा के सोराना स्थित टीआरएस गर्ल्स कॉलेज में महिला एसआई अनु परिहार ने समझाया आज बेटियां प्रत्येक क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। आईटी सेक्टर में बेटों के साथ बेटियों ने भी बराबर का योगदान दिया है। कॉलेज की डायरेक्टर वंदना पुंडीर ने भी महत्वपूर्ण विचार रखे।