कार्यालय में सहारनपुर विकास प्राधिकरण की अवस्थाना निधि समिति की बैठक लेते कमिश्नर लोकेश एम
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मंडलायुक्त लोकेश एम ने विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवस्थापना निधि का सदुपयोग किया जाए। निधि का शत-प्रतिशत प्रयोग जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखकर करें। वह सोमवार को विकास प्राधिकरण की अवस्थापना निधि समिति की बैठक ले रहे थे।
नगर के सुनियोजित विकास के लिए विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्य कराने के लिए 628 लाख रुपये की स्वीकृति दी। मंडलायुक्त ने कहा घंटाघर से देहरादून चौक की ओर जाने वाली रोड पर स्थित तथा जनता रोड से नुमाइश कैंप पुलिस चौकी के मध्य ढमोला नदी पर स्थित पुलों का सुंदरीकरण कराए। सदर थाना तिराहे के चौड़ीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा सेंट्रल पार्क कॉलोनी के दूसरे गेट से इंद्रप्रस्थ कॉलोनी तिराहे तक सीसी सड़क व इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएं। चौधरी चरण सिंह चौक से तिकोनी कोठी तक मुख्य मार्ग के दोनों ओर टाइल्स लगाने, सीएमएस कोठी से रिमाउंट डिपो तक सीसी सड़क, जनता रोड पर पुलिस चौकी से भारत माता चौक तक डीबीएम व बीसी एवं भारत माता चौक का चौड़ीकरण कराए।
पुलिस लाइन सहारनपुर के स्टेडियम में स्टील ट्रस के साथ शेड लगाए। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि शासन द्वारा कैच द रेन‘ अभियान के अंतर्गत लक्ष्य की पूर्ति करें। विभिन्न शासकीय एवं अर्द्ध शासकीय भवनों पर रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थापना कराएं। कलक्ट्रेट कार्यालय, जिला उद्योग केंद्र, सेवायोजन कार्यालय एवं राजकीय इंटर कॉलेज में रेनवाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था तत्काल कराए। उन्होंने शिवविहार कॉलोनी में पूर्व निर्मित सड़क के दोनों तरफ नाली का निर्माण एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य शीघ्रता से करने के निर्देश दिए। दिल्ली रोड पर गांव मोहम्मदपुर माफी बैरून के खसरा संख्या 62 मे स्थित तालाब का जीर्णोद्धार एवं सुंदरीकरण करने, पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी की मुख्य सड़क पर डीबीएम एवं बीसी तथा रणजीत नगर में महाराजा रणजीत सिंह पार्क का सुंदरीकरण कराएं। देहरादून रोड पर टाटा मोटर्स से नौगजा पीर तक अवशेष डिवाइडर का नवीनीकरण एवं निर्माण कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, नगर आयुक्त श्री ज्ञानेंद्र सिंह, अपर आयुक्त प्रशासन डीपी सिंह, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।