- दुल्हनों को पसंद आ रही खास जयपुरी और कश्मीरी कढ़ाई वाले लहंगे
- कारोबार बढ़ने व्यापारियों के चेहरे पर खुशी
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। सहालग का सीजन शुरू हो गया है। बाजार में खरीदारों की भीड़ है। इस बार फैंसी साड़ियां और जयपुरी लंहगों की मांग है। इसके साथ ही हल्की सर्दियों के लिए महिलाओं की खरीदारी का पैटर्न बदला है। महिलाओं के साथ दुल्हनों को लहंगों में कश्मीरी कढ़ाई भी बेहद पसंद आ रही है।
सहालग की खरीदारी से कपड़ा बाजार गुलजार है। कपड़ों की दुकान पर जमकर खरीदारी की जा रही है। महानगर के नेहरू मार्केट, रायवाला कपड़ा मार्केट में कपड़ों की खरीदारी के चलते देर शाम तक दुकानें खुल रही है। शादियों के लिए डिजाइन वाले लहंगे, साड़ियां, शेरवानी, इंडो-वेस्टर्न, परिधान, बच्चों के ट्रेडिंग कपड़े के साथ पेस्टल परिधानों की मांग है। साथ ही कांजीवरम, हैंडवर्क, साड़ी, नेटब्लाउज साड़ियों की नई वैरायटी मौजूद है।
कश्मीरी कढ़ाई के लहंगों के अलावा स्वेटर, शॉल, कार्डीगन भी महिलाओं को भा रहे हैं। व्यापारी अतुल ने बताया कि महिलाओं को शादी के सीजन में पहनने के लिए अलग-अलग डिजाइन के हल्के और भारी लहंगे पसंद आ रहे हैं। शादियों के लिए महिलाएं सूट भी पसंद कर रही है। यह सूट पहनने में हल्के हैं। कपड़ा व्यापारी नरेश कुमार ने बताया कि कश्मीरी कपड़े पश्मीना या शुद्ध ऊन के बने होते हैं। सामान्य परिधान में गले, बॉर्डर या सामने के हिस्से पर कढ़ाई की जाती है। तो वहीं महंगे परिधान में कढ़ाई काफी भरी हुई होती है। इनकी खास बात यह है कि इन्हें हल्की सर्दी में पहना जा सकता है। देखने में यह काफी सुंदर होते हैं। विवाह के मुहूर्त शुरू हो चुके हैं। इसी का नतीजा है कि कारोबारियों को अच्छे व्यापार की उम्मीद है। दुकानदारों ने भी नए-नए डिजाइनों और रंगों का स्टॉक मंगवाया है।