उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बुधवार को जल चढ़ाने को लेकर दो पक्षों के कांवड़ियों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। कुछ ही देर में पुलिस और कांवड़ियों के बीच झड़प हो गई। ग्रामीणों व पुलिस के आलाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामला संभाला। गांव में फ्लैग मार्च किया गया है। गांव में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बुधवार को शिवालय में जल चढ़ाने को लेकर कांवड़िए आपस में भिड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने आपाधापी पर हस्तक्षेप किया तो कांवडि़ए भड़क उठे। कुछ ही देर में कांवड़ियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई, जिसमें एक कांवड़िया घायल हो गया। ग्रामीणों व पुलिस के आलाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत किया। घायल कांवड़िए को चिकित्सालय भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
सहारनपुर के तीतरों थाना क्षेत्र के ग्राम खडलाना से कई समूह में ग्रामीण डाक कांवड़ लेकर हरिद्वार गये हुए थे। मंगलवार रात हरिद्वार से जल व कांवड़ लेकर लौटे तो कांवडियों में ही गांव के मंदिर में सर्वप्रथम जल चढ़ाने को लेकर होड़ मच गई। जिसमें दो पक्षों के लोगों में तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई जो बाद में कहासुनी होते-होते मारपीट में बदल गई। इसी बीच सूचना पर पहुंची तीतरों पुलिस के कास्टेंबिल ने विवाद कर रहे एक कांवड़िए को हड़का दिया तो मामला और ज्यादा बिगड़ गया। दोनों पक्षों के लोग पुलिस से भिड़ गए। विवाद में एक कांवड़िए भानू पुत्र राजन को चोट आने पर चिकित्सालय भर्ती कराया गया है, जबकि इस दौरान कई अन्य लोग भी चोटिल हो गए।
जानकारी के अनुसार पता चला कि विवाद में सिपाही की वर्दी तक फट गई। गांव में बवाल की सूचना पर गगोंह पुलिस क्षेत्राधिकारी चन्द्रपाल शर्मा भी पहुंचे और मौके पर कई थाना क्षेत्र की पुलिस को बुलाकर लोगों को लाठियां फटकार कर मौके से भगाया। कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार का कहना है कि रात में गांव के मंदिर में पहले जल चढ़ाने को लेकर कांवडियों के दो पक्षों में विवाद हो गया था। पुलिस ने गणमान्य लोगों की मौजूदगी में मामला शांत करा दिया है तथा सिपाही की वर्दी को कोई नुकसान नही हुआ है। स्थानीय पुलिस व पीएसी के जवानों के साथ बुधवार को गांव में फ्लैग मार्च किया गया है। स्थिति नियन्त्रण में है तथा गांव में पुलिस बल को तैनात किया गया है। विवाद में किसी पक्ष की ओर से तहरीर नही आई है।
ग्राम प्रधान चन्द्रपाल का कहना है कि जल चढ़ाने को लेकर मामूली विवाद हो गया था, जिसें पुलिस के आलाधिकारियों व गणमान्य लोगों के हस्तक्षेप से सुलझा लिया गया है।