सहारनपुर। थाना मंडी क्षेत्र के मोर गंज बाजार में जूस विक्रेता प्रदीप कुमार शर्मा तीन दिन से लापता हो गए हैं। काफी तलाश करने के बावजूद जब उनका पता नहीं चला तो बेटे शिवम शर्मा ने थाना मंडी में तहरीर देकर पिता का पता लगाने की गुहार की है। दूसरी ओर, मोर गंज बाजार के व्यापारी भी बेचैन हैं। बताया जा रहा है कि व्यापारियों का प्रदीप शर्मा के साथ कमेटी का लेनदेन चल रहा है और उनके लाखों रुपये कमेटी में फंसे हैं।
मोर गंज बाजार में बृज विहार कॉलोनी निवासी प्रदीप शर्मा की कई साल पुरानी जूस की दुकान है। बाजार में उन्हें पप्पू के नाम से भी जाना जाता है। प्रदीप के बेटे शिवम शर्मा ने थाना मंडी पुलिस को बताया कि 28 जुलाई को सुबह करीब सवा दस बजे उनके पिता बिना कुछ बताए घर से गए थे। इसके बाद से उनका कुछ पता नहीं है।
उन्होंने आसपास उसकी काफी तलाश की, लेकिन नहीं मिले। रिश्तेदारों से संपर्क करने पर भी कुछ पता नहीं चला। उन्होंने पिता का जल्द पता लगाने की गुहार पुलिस से की। बाजार के कुछ दुकानदारों ने बताया कि प्रदीप शर्मा काफी समय से कमेटी में लेनदेन का काम भी करते रहे हैं। काफी लोगों का पैैसा कमेटी में लगा है। वहीं, शिवम ने कहा खाता खेड़ी क्षेत्र का एक शख्स उनसे बड़ी रकम ले चुका है। इसे लेकर उनका परिवार भी परेशान है। शिवम ने कहा फिलहाल तो वे पिता के सकुशल घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।