माता शाकंभरी के दर्शनों के लिए उमड़ा सैलाब।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बेहट में सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में मां शाकंभरी जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। अपराजिता मां शाकंभरी देवी शतचंडी महायज्ञ में पूर्णाहुति के बाद आश्रम व्यवस्थापक सिद्ध भैरवा तंत्राचार्य के सानिध्य में मां को 56 भोग और 36 व्यंजन अर्पण किए गए।
शंकराचार्य आश्रम मेें आयोजित जयंती महोत्सव में संत समाज एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। आश्रम में रात भर मां शाकंभरी देवी का गुणगान हुआ और बृहस्पतिवार की सुबह आश्रम में छह जनवरी से चल रहे अपराजिता मां शाकंभरी देवी शतचंडी महायज्ञ में विश्व कल्याण की कामना के साथ पूर्णाहुति दी गई।
इसके बाद कार्यक्रम आयोजक आश्रम व्यवस्थापक सिद्ध भैरवा तंत्राचार्य महंत सहजानंद ब्रह्मचारी के सानिध्य में संतों और श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर मां शाकंभरी के चरणों में हाजिरी लगाई और 56 भोग एवं 36 व्यंजन अर्पण किए।
माता के शाकमय स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव विभोर हो गए। इसके बाद शंकराचार्य आश्रम में 56 भोग एवं 36 व्यंजन का प्रसाद वितरण किया गया और भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में चार धाम पर विकास परिषद के वैद्विक सचिव श्रवणानंद ब्रह्मचारी, सुबोध परासर एमएलसी बिजनौर, विधायक कंवरपाल सिंह, ओमवीर चौधरी, नरेंद्र राणा, महेश चंद शर्मा, राधेश्याम गोयल, जगदीश गर्ग, अनिल गोयल, नरेश मित्तल, प्रदीप शर्मा आदि मौजूद रहे।