सहारनपुर। पेपर मिल रोड स्थित गीता कंपाउंड में मकान से करीब दो लाख रुपये की ज्वेलरी और 25 हजार रुपये चोरी हो गए। मकान में काम कर रहे दो मिस्त्रियों पर चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गीता कंपाउंड कॉलोनी निवासी विनीत कुमार ने तहरीर देकर बताया कि मकान में गागनौली निवासी ठेकेदार ने मिस्त्री मांगा और मोहित को फर्नीचर का काम करने के लिए भेजा था। दोनों पहले मकान की निचली मंजिल पर काम कर रहे थे। कुछ दिन से उन्हें ऊपरी मंजिल पर काम सौंपा गया था। एक नवंबर को पत्नी ललिता रानी अहोई माता की पूजा के लिए बेड में रखे जेवरों के बीच से पूजा की सामग्री निकालने गई थीं। उस समय दोनों मिस्त्री कमरे में लकड़ी का काम कर रहे थे। पत्नी सामग्री निकालकर बेड बंद करने के बाद नीचे चली गईं। आरोप है कि इसी दौरान दोनों मिस्त्रियों ने बेड में रखे जेवर और नकदी चोरी कर ली।
दो नवंबर की शाम पत्नी पूजा की सामग्री बेड में रखने पहुंचीं तो वहां रखे जेवर और रुपये गायब मिले। बेड में रखे सोने के दो कड़े (चार तोला), पांच अंगूठियां (ढाई तोला), सोने की गले की कड़ी, डेढ़ तोले का लौंग सेट, डेढ़ तोले की सोने की चेन और सोने के कानों के टॉप्स गायब थे। इसके अलावा 25 हजार रुपये नकद, पत्नी का आधार कार्ड, बैंक की पासबुक भी नहीं मिली। जांच अधिकारी उप निरीक्षक नितिन कुमार ने बताया कि मांगा और मोहित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।