सहारनपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजों के उपचार में लापरवाही के आरोप तो लगते रहे हैं, लेकिन अब ऐसा मामला सामने आया है, जो संवेदनहीनता की सीमा ही लांघ जाता है। शामली से राजकीय मेडिकल कॉलेज के कोविड केयर सेंटर में लाई गई कोरोना संक्रमित महिला के जेवर ही गायब कर दिए गए। पीड़ित परिवार ने मामले में सरसावा थाना पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस जांच करने की बात कह रही है।
शामली निवासी संजय गर्ग ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी पत्नी को कोरोना संक्रमित पाए जाने पर 15 सितंबर को एंबुलेंस से शामली से राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी के कोविड केयर सेंटर में लाया गया। संजय का कहना है कि उनकी पत्नी ने उस वक्त सोने की चार चूड़ियां, चेन, कुंडल पहन रखे थे। परिवार के अन्य लोग भी संक्रमित मिल चुके हैं, जिस कारण उनका बेटा ही साथ आया था। वहीं, 16 सितंबर को उनकी पत्नी का निधन हो गया। जब उन्हें शव सौंपा गया तो, सोने की चार चूड़ी और कुंडल ही वापस किए गए, जबकि अंगूठी और चेन नहीं मिली।
इस बारे में थाना सरसावा पुलिस के साथ ही कॉलेज के प्रिंसिपल को भी लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। उधर, सरसावा थाने के एसएसआई नरेंद्र कुमार का कहना है कि इस संबंध में तहरीर मिली है। मामले में जांच करके कार्रवाई की जाएगी।