- मार्केट के अवैध हिस्से की दुकानों के शटर उखाड़े, भवन को भी तोड़ा
सहारनपुर्र। जेबीएस इंटर कॉलेज के पास अवैध रूप से बनाई गई मार्केट पर विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को जेसीबी चलवाई। हालांकि दुकानों को पूरी तरह ध्वस्त नहीं किया गया है। उधर, दो अन्य निर्माणों को सील करने की कार्रवाई भी प्राधिकरण ने की है।
रायवाला क्षेत्र में जेबीएस इंटर कॉलेज के पास 12 दुकानें बनाई गई थीं। चर्चा है कि दुकानें जेबीएस इंटर कॉलेज की भूमि पर बनाई गई थी। जिसकी शिकायत प्राधिकरण में काफी समय पहले की जा चुकी थी। ध्वस्तीकरण को लेकर पूर्व में दो बार नोटिस भी जारी हुए, मगर संबंधित अधिकारी कार्रवाई को तैयार नहीं थे। मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई की गई। बीते दिनों तीसरी बार ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया गया, जिसमें 16 मार्च की तारीख लगी थी। ऐसे में मंगलवार को विकास प्राधिकरण की टीम मार्केट को ध्वस्त करने के लिए मौके पर पहुंची। टीम ने जेसीबी के माध्यम से दुकानों के शटर उखाड़े, साथ ही भवन को भी जगह-जगह से तोड़ा गया है।
इसके अलावा सर्किट हाउस के पास पेट्रोल पंप के सामने और नवादा रोड पर गांधी कॉलेनी में अवैध निर्माण सील किए गए। टीम में विशेष कार्याधिकारी हिमांशु नागपाल, अधिशासी अभियंता एके मिश्रा, सहायक अभियंता प्रदीप कुमार, अवर अभियंता हरिओम गुप्ता, शमीम अख्तर, मेट मदनपाल, अमरनाथ, लाल बहादुर, रिजवान अली, वैभव और संबंधित थाने की पुलिस शामिल रही।
------ वर्जन
रायवाला क्षेत्र में जेबीएस इंटर कॉलेज के पास मार्केट बनी थी, उसमें अनाधिकृत तौर पर सात दुकानें बनाई गई थीं। चूंकि गली संकरी है। ऐसे में पूरी मार्केट को ध्वस्त नहीं किया जा सकता था, मगर प्राधिकरण ने अपनी कार्रवाई की है। -- एके मिश्रा, अधिशासी अभियंता, विकास प्राधिकरण।