सहारनपुर में कोविड़ में बंद हुई जनता एकप्रेस सहारनपुर से चली।
- फोटो : amar ujala
Railways: काष्ठ कला की नगरी के रेलवे स्टेशन से शुक्रवार को सुबह 6:20 बजे दो साल बाद सहारनपुर-दिल्ली जनता एक्सप्रेस रवाना हुई। यात्री सुविधा के तहत ट्रेन के सभी 13 कोच जनरल है। पहले दिन केवल 250 टिकटों की ही बिक्री हुई। लेकिन ट्रेन के संचालन से यात्रियों में उत्साह देखने को मिला।
कोरोना संक्रमण के कारण गाड़ी संख्या 14546 सहारनपुर-दिल्ली जनता एक्सप्रेस बंद पड़ी थी। वाया शामली को चलने वाली इस ट्रेन को चलवाने की लोग काफी समय से मांग कर रहे थे। सहारनपुर से वाया शामली होकर दिल्ली जाने वाली यह एकमात्र ट्रेन है। पिछले महीने ही जनता एक्सप्रेस को चलाने की घोषणा हो गई थी। शुक्रवार को सहारनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन को खड़ा कर दिया।
इसके बाद ट्रेन ने यात्रियों का इंतजार किया। टिकट काउंटर से लोगों ने टिकट की खरीददारी की। ट्रेन के शुरू होने से लोगों में उत्साह रहा। लेकिन ट्रेन के कई कोच ऐसे थे, जिनमें कोई यात्री ही नहीं था। पहले दिन टिकट काउंटर से 250 टिकट ही बिके। इस ट्रेन में अधिकांश लोग नौकरी पेशा वाले रहे। शामली, बागपत, बड़ौत आदि जगहों की टिकट बिक्री अधिक रही।
यह भी पढ़ें: ये कैसी मां: क्रूरता की हदें पार, प्रेमी के साथ मिलकर अपने लाल को उतारा मौत के घाट, सच जानकर अफसर भी हैरान
रेलवे में मुख्य टिकट पर्यवेक्षक मनमोहन शर्मा ने बताया कि सहारनपुर-दिल्ली जनता एक्सप्रेस में पहले दिन कम यात्री रहे। टिकट काउंटर से 252 टिकटों की ही बिक्री हुई है। अब ट्रेन चलने लगी है तो टिकट बिक्री भी बढ़ जाएगी।