सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पैदल मार्च करते आरपीएफ, जीआरपी और पुलिस के अधिकारी।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सेना भर्ती की अग्निपथ योजना को लेकर प्रदेश समेत देश भर के विभिन्न शहरों में हो रहे हिंसक प्रदर्शन और बवाल का असर यहां से गुजरने वाली ट्रेनों पर भी पड़ रहा है। बिहार से होकर आने वाली कोलकाता से जम्मूतवी तक चलने वाली जम्मूतवी एक्सप्रेस को शुक्रवार को रद्द कर दिया गया। उधर, प्रदेश में हो रहे प्रदर्शन के मद्देनजर यहां रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए हैं। स्टेशन पर और ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया गया। आरपीएफ, जीआरपी और पुलिस ने पैदल मार्च निकाला है।
अग्निपथ योजना के विरोध में चल रहे प्रदर्शन को यहां का पुलिस प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। हालांकि अभी यहां कोई प्रदर्शन नहीं हुआ है। शुक्रवार को प्रदेश के कई शहरों में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद रेलवे स्टेशन पर सुबह और शाम को पैदल मार्च निकाल कर चेकिंग अभियान चलाया। ट्रेनों में भी सघन चेकिंग की गई। इस दौरान एएसपी प्रीति यादव, सीओ एलआईयू कुलदीप कुकरेती, सीओ जीआरपी डॉ. धर्मेंद्र यादव, आरपीएफ इंस्पेक्टर नवीन कुमार, जीआरपी इंस्पेक्टर प्रीता सिंह, सदर बाजार इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
उधर, बिहार में हो रहे हिंसक प्रदर्शन के कारण कोलकाता से जम्मूतवी के बीच चलने वाली जम्मूूतवी एक्सप्रेस को शुक्रवार को रद्द कर दिया गया। कोलकाता से अमृतसर जाने वाली अकालतख्त एक्सप्रेस छह घंटे देरी से यहां पहुंची। कोलकाता से नांगल डैम जाने वाली ट्रेन एक घंटे लेट रही। जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस दो घंटे, दरभंगा से अमृतसर जाने वाली जननायक एक्सप्रेस तीन घंटे, अमृतसर जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, फिरोजपुर से धनबाद जाने वाली गंगा सतलुज एक्सप्रेस एक घंटा, अमृतसर जाने वाली गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस तीन घंटे, जम्मूतवी जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस डेढ़ घंटा देरी से आई।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से पूछताछ करती पुलिस।- फोटो : SAHARANPUR