धर्म सिंह सैनी की सभा में गूंजा जय श्री राम
सहारनपुर। चुनावी समर के बीच नकुड़ से सपा प्रत्याशी डॉ. धर्म सिंह सैनी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग जय श्रीराम के जयकारे लगा रहे हैं। इसके बाद विधायक को भी गुस्सा आ गया। इस पर विधायक बोले ऐसा नहीं है कि मैंने चूड़ियां पहन रखी हैं। तुम लोग अपने भाजपा प्रत्याशी का समर्थन करो, लेकिन इस तरह माहौल खराब करने की कोशिश न करो। अगर ऐसा करोगे तो मैं सैनियों के गांवों में भाजपा प्रत्याशी की गाड़ियां घुसनी ही बंद करा दूंगा।
यह वीडियो नकुड़ विधानसभा के चिलकाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां पर बृहस्पतिवार की रात सपा प्रत्याशी डॉ. धर्म सिंह सैनी एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर धर्म सिंह सैनी ने कहा कि भाइयों अगर तुम लोग इस तरह माहौल खराब करने की कोशिश करोगे तो मैं भी भाजपा प्रत्याशी का विरोध करवा दूंगा। श्री राम तुम्हारे हैं तो वो हमारे भी हैं। मैंने कोई चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं। मैं सैनियों के गांव में भाजपा प्रत्याशी की गाड़ियां घुसनी बंद करवा दूंगा। मेरे भाई मैं अपने वोट मांगने आया हूं, आप अपने प्रत्याशी को बुलाकर वोट मांगो, उनका स्वागत कराओ, अगर कोई कहता है कि भाजपा वालों के ही श्री राम हैं तो हमारे सैनियों के भी श्री राम हैं। इसलिए इस तरह की बेकार की कोई बात मत करें। हमारी बात अच्छी लगे तो हमारा समर्थन करो, अगर अच्छी नहीं लगी तो अपने प्रत्याशी का समर्थन करो, जिसकी जहां इच्छा है वोट करे। आप मेरे बच्चे हो, भाई हो, इसलिए समझा रहा हूं। आप अपने प्रत्याशी को बुलाओ, हमारा कोई कार्यकर्ता आपके कार्यक्रम में दखल नहीं देगा, लेकिन इस तरह माहौल खराब करने की कोशिश न करें।