इनवेस्टमेंट एक्सपर्ट ने दी निवेश के बारे में सलाह
सहारनपुर। सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ऑनलाइन बैठक में इनवेस्टमेंट एक्सपर्ट प्रशांत शाह ने व्यापारियों और उद्यमियों को निवेश के बारे में जानकारी दी। उन्होंने भविष्य में व्यापार और स्टॉक मार्केट की स्थिति के बारे में अपनी सलाह दी।
बृहस्पतिवार को ऑनलाइन बैठक में प्रशांत शाह ने कहा कि इस समय व्यापारियों और उद्यमियों के मन में भविष्य में व्यापार एवं स्टॉक मार्केट की स्थिति को लेकर तमाम तरह के सवाल हैं। कोरोना संकट के बाद शेयर मार्केट डाउन है। इस समय निवेश के लिए फार्मा, केमिकल, फर्टिलाइजर, आईटी सेक्टर, एफएमसीजी सेक्टर में निवेश करना फायदेमंद रहेगा। व्यापारियों के सवालों के जवाब में उन्होंने बताया कि आगामी कुछ वर्षों तक होटल, रियल एस्टेट, फाइनेंशियल सर्विस, एंटरटेंमेंट सेक्टर घाटे का सौदा रहने की आशंका है।
सरकार ने जो 20 लाख करोड़ पैकेज की घोषणा की है उसमें लघु, मध्यम व्यापारियों के लिए सीधे तौर पर कोई राहत या सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि शेेयर बाजार में निवेश करते समय निवेशक को यह जानकारी होनी चाहिए कि किस ट्रेड में और कितना पैसा लगाना है। महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा और महामंत्री सरदार सुरेंद्र मोहन चावला आदि ने भी विचार रखे। राजेंद्र गुप्ता, एसके दुआ, रामराजीव सिंघल, राजपाल सिंह, पाली कालडृा, आरके मल्होत्रा, संजीव मेहता, अजेंद्र पाल सिंह, राजकुमार विज, राजीव मदान, डीके गुप्ता, संजीव कुमार जैन, नरेश कुमार, गुलशन अनेजा आदि रहे।