-बाइक से अपने गांव लौट रहे थे बाल्लू निवासी छात्र
-दूसरे हादसे में बाइकें टकराने से दो लोग घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
गंगोह। स्कूल से प्रैक्टिकल देकर लौट रहे इंटर के छात्र गांव बाल्लू निवासी अजय (18) पुत्र आनंद की ट्रक से कुचले जाने से मौके से ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी रितिक पुत्र जल सिंह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए गंगोह सीएचसी पर भर्ती कराया गया।
दोनों छात्र गांव सुखेड़ी के इंटर काॅलेज में प्रैक्टिकल देकर बाइक से गांव लौट रहे थे। नानौता मार्ग पर गांव मुबारिकपुर के पास कार की टक्कर से दोनों बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रक ने अजय को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि रितिक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। हादसे के बाद ट्रक चालक अपने वाहन सहित भाग खड़ा हुआ जबकि कार चालक भी कार छोड़ कर भागने में सफल रहा। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। कार को कब्जे में ले लिया गया है।
उधर, दूसरा हादसा गांव आलमपुर मार्ग पर हुआ। इसमें इसी गांव निवासी संदीप और कल्लू की बाइकें आपस में टकराने से दोनों घायल हो गए। सड़क पर पड़े कल्लू को भाजपा के मंडलाध्यक्ष मांगेराम सैनी ने अपनी कार से अस्पताल भर्ती कराया।