बड़गांव। ग्राम पंचायत नूनाबड़ी में इस बार राव शोयब प्रधान पद पर निर्वाचित हुए हैं। उनकी प्राथमिकताओं में कोरोना संक्रमण से गांव को निजात दिलाते हुए सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाना है। इसके लिए जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ करते हुए नालियों का निर्माण और नियमित रूप से सफाई, समय समय पर फॉगिंग और सैनिटाइजेशन कराना है। ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जमीन की व्यवस्था कर टंकी और नलकूप की स्थापना, नई विकसित कालोनियों में सीसी रोड, विद्युतीकरण, पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए स्ट्रीट लाइटें लगवाने के साथ ही वे शिक्षा के लिए इंटर कालेज की स्थापना का संकल्प व्यक्त करते हैं। उनका कहना है कि वे सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हुए गांव में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करने का काम करेंगे।
दूषित पेयजल और जलभराव है बड़ी समस्या
हिंडन नदी के पूर्वी छोर पर बसे करीब साढे़ छह हजार की आबादी वाली देवबंद विकास खंड की मुस्लिम बहुल इस ग्राम पंचायत का स्वरूप बेहद पिछड़ा है। सड़के जर्जर हैं और उन पर साल भर कीचड़ जमा रहता है। बारिश के बाद तो स्थिति और बदतर हो जाती है। गलियों और घरों तक में पानी भर जाता है। जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह ठप है। हिंडन के किनारे बसे होने के कारण ज्यादातर हैंडपंप दूषित पेयजल उगल रहे हैं।
प्रधान का प्रोफाइल
ग्राम प्रधान राव शोयब कक्षा आठ पास हैं।
पूर्व में राजनीतिक दल के जिला स्तरीय पदाधिकारी रह चुके हैं।