गऊशाला में गाय को गुड़ खिलाते अपर मुख्य सचिव
- फोटो : SAHARANPUR
गोशाला को आत्मनिर्भर बनाने के दिए निर्देश
सहारनपुर। अपर मुख्य सचिव नगर विकास डॉ. रजनीश दूबे ने शुक्रवार सुबह नगर निगम द्वारा संचालित कान्हा उपवन गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गायों को गुड़ खिलाया। गोशाला में तैयार किए जा रहे उत्पादों को देखा और गोशाला को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए।
डॉ. रजनीश दूबे शुक्रवार को जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, सीडीओ विजय कुमार आदि के साथ शुक्रवार सुबह नवादा रोड स्थित गोशाला पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले मूत्र प्लांट तथा गोमूत्र से बनाई जा रही गोनाइल (फिनाइल), गोबर से बनाई जा रही वर्मी कंपोस्ट, दीये, गोबर के कंडे और लकड़ियां व बायो गैस प्लांट को देखा। उन्होंने गोशाला को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई सुझाव देते हुए उन पर जल्द अमल करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वह गोशाला में निर्मित गोनाइल, वर्मी कंपोस्ट आदि का प्रयोग करें, जिससे गोशाला की कमाई बढ़े और वह आत्मनिर्भर बन सके। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने अपर मुख्य सचिव को बताया कि नगर निगम द्वारा गोशाला को आत्मनिर्भर बनाने के लिए तैयार किए जा रहे उत्पादों को बेचा जा रहा है। अभी तक करीब 4.5 लाख रुपये की आय हो चुकी है। इस पैसे को गोशाला पर ही खर्च किया जा रहा है।
अब निगम कर्मचारियों को गोबर से पेंट बनाने का प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। जल्द ही पेंट के लिए प्लांट लगाया जाएगा। इसके बाद अपर मुख्य सचिव ने गोशाला के बीच बनाए जा रहे काऊ कटलिंग सेंटर और यज्ञशाला का भी निरीक्षण किया। निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने अपर सचिव को गोवंश की चिकित्सकीय व्यवस्था की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त राजेश यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन, सफाई निरीक्षक अमित तोमर आदि भी मौजूद रहे।