प्रदेश में निगमों के महापौर और नगरायुक्तों से वर्चुअल संवाद करते प्रदेश के नगर विकास मंत्री आशु?
- फोटो : SAHARANPUR
शहर में त्रिस्तरीय सैनिटाइजेशन कराने के दिए निर्देश
सहारनपुर। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह से शहर में त्रिस्तरीय सैनिटाइजेशन कराने और निगरानी समितियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए।
नगर विकास मंत्री ने वर्चुअल संवाद के जरिये महापौर और नगरायुक्त से कोरोना की स्थिति और निगम द्वारा उठाए जा रहे कदम की जानकारी ली। महापौर संजीव वालिया ने मंत्री को बताया कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखकर नगर निगम पहले से काम कर रहा है। रविवार से विशेष अभियान शुरू किया है, इसमें सैनिटाइजेशन के लिए वाहनों के साथ ही हाथ से चलने वाली मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सैनिटाइजेशन में लगे कर्मचारियों को पीपीई किट दी गई हैं, ताकि कर्मचारी संक्रमित ना हो। उन्होंने मंत्री को बताया कि महानगर को सैनिटाइज करने के लिए रोस्टर बनाया है, ताकि कोई वार्ड अछूता ना रहे। मच्छर जनित रोगों पर अंकुश के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव के साथ ही ब्लीचिंग पाउडर और चूना आदि का भी छिड़काव किया जा रहा है।
मंत्री ने कोविड हेल्प डेस्क के बारे में भी पूछा। नगरायुक्त ने उन्हें बताया कि जिला प्रशासन के अलावा नगर निगम में भी एक कोविड कंट्रोल रूम स्थापित किया है, इसके माध्यम से कोरोना संक्रमित लोगों से दवा की उपलब्धता, सैनिटाइजेशन, बैरिकेटिंग आदि के संबंध में फीड बैक लिया जा रहा है। नगरायुक्त ने बताया कि पार्षदों की अध्यक्षता में गठित निगरानी समितियों को सक्रिय किया है। शहर की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन- फोटो : SAHARANPUR