सहारनपुर। डीएम अखिलेश सिंह और एसएसपी डॉ. एस चिनप्पा ने मंगलवार को शहर के हॉट स्पॉट क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होेंने थाना सदर क्षेत्र में पुलिस लाइन, दयाल कालोनी के आसपास के हॉट स्पॉट एरिया में लोगों को केवल जरूरी सेवाएं ही उपलब्ध कराने के बारे में बताया गया। इसके साथ कहा गया कि संक्रमित मिले मरीजों के क्षेत्र और आसपास भी अनावश्यक रूप से भ्रमण न करें।
अधिकारियों ने कहा कि जिले में संक्रमण के अधिकतर मामले दिल्ली, नोएडा, मेरठ और अन्य शहरों से आने वाले लोगों के कारण आ रहे हैं। इसलिए ऐसे लोगों पर नजर रखी जाए। इनके बारे में समय से सूचित किया जाए ताकि भविष्य में किसी परेशानी से बचा जा सके। एक दिन पहले ही नानौता में व्यापारी भाइयों में संक्रमण का कारण भी यही माना गया।
सदर क्षेत्र में पुलिस प्रशासन के अफसर तब से अधिक अलर्ट हैं जब से कुछ पुलिस कर्मचारियों को संक्रमित पाया गया है। इनमें एलआईयू, गारद और अन्य यूनिट के कर्मचारी शामिल हैं। इसके बाद से ही उनके परिवारों और संपर्क में आने वालों की रैंडम सैंपलिंग करवाई गई थी। इसके साथ ही पुलिस लाइन परिसर में प्रवेश पाने वालों की चेकिंग सख्त कर दी गई।