बिहारीगढ़(सहारनपुर)। दिल्ली देहरादून हाईवे पर बुधवार की दोपहर डंपर की टक्कर से बाइक पर मामा के साथ बैठे तीन वर्षीय भांजे की सड़क पर गिरने के बाद डंपर के नीचे कुचले जाने से मौके पर मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस चौकी के बैरियर सड़क पर खड़े कर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस के समझाने पर ग्रामीण माने और बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।
बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के मोहंड निवासी जुनैद अपने भांजे उमर (3) को बाइक पर बैठा कर घर की तरफ जा रहा था। जब वह दिल्ली देहरादून हाईवे पर पहुंचा तो अचानक पीछे से आए एक डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में उमर सड़क पर गिर पड़ा और डंपर के नीचे कुचला गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत के बाद परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। उन्होंने हंगामा करते हुए पुलिस चौकी के बैरियर सड़क पर खड़े कर जाम लगा दिया। सूचना पर बिहारीगढ़ थानाध्यक्ष बीनू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फतेहपुर पुलिस को भी बुलाया गया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग गई। किसी तरह पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम खुलवाया। इसके बाद परिजन बच्चे के शव को बिना किसी कार्रवाई के अपने साथ घर ले गए। थानाध्यक्ष बीनू सिंह ने बताया कि परिजन कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते थे। ऐसे में शव उन्हें सौंप दिया गया।