सहारनपुर। बढ़ते वैश्विक तनाव का असर आमजन की रसोई पर पड़ रहा है। खाने की थाली तो पहले ही महंगी हो चुकी है। अब नाश्ते पर भी महंगाई ने वार करते हुए ब्रेक लगाए हैं। घर-घर नाश्ते में इस्तेमाल होने वाली ब्रेड के दामों में पांच रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। करीब एक साल पहले भी दामों में पांच रुपये की बढ़ोतरी हुई थी।
कारोबारी बताते हैं कि महानगर में आमतौर पर करीब 27 हजार ब्रेड के पैकेट की खपत रोजाना होती है। ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते खाने पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं। मैदा, सूजी और तेल के दामों में भी दस फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। पैकिंग मैटेरियल के दाम भी बढ़ने से कंपनियों को दाम बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ा है। कई कंपनियों ने जहां दाम बढ़ाए हैं, तो कुछ ने वजन कम किया है। व्यापारी वंशज बताते हैं कि मैदा, आटा और ब्राउन ब्रेड के दामों में कपंनियों की ओर से बढ़ोतरी हुई है। 450 ग्राम की ब्रेड के दामों में पांच रुपये बढ़े हैं। 350 रुपये की हॉफ ब्रेड के दाम में भी वृद्धि कंपनियों ने की है। सबसे अधिक मार सैंडविच ब्रेड पर पड़ी है। पहले 35 रुपये में मिलने वाली ब्रेड अब 40 रुपये की हो गई है। वहीं ब्राउन ब्रेड भी 55 के बजाए 60 और 65 रुपये की हुई है।
बेकरी के मालिक अनमोल आहूजा बताते हैं कि फिलहाल दस और बीस रुपये वाली ब्रेड के दाम नहीं बढ़े हैं। इनका वजन कम होने की उम्मीद है। ब्रेड बनाने के लिए लगने वाले माल की कीमतों में पिछले दिनों तेजी आई है। कई कंपनियों ने अपने माल के दाम सीधे बढ़ा दिए हैं, जबकि स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाली ब्रेड के पैकेट के वजन कम किए गए हैं।
- ब्रेड पकौड़े, सैंडवीच, कटलेट के बढ़ जाएंगे दाम
ब्रेड के दाम बढ़ने का सबसे अधिक असर ब्रेड पकौड़े के दाम पड़ेगा। महानगर में ब्रेड पकौड़ा आमतौर पर 15 रुपये का मिलता है। अब जब कंपनियों की ओर से ब्रेड के दाम बढ़ा दिए गए हैं, तो इसके दाम भी बढ़ने की उम्मीद है। बेसन के साथ सरसों तेल के दाम भी बढ़े हैं। तो वहीं, सैंडविच और कटलेट के दामों भी बढ़ोतरी हो सकती है।