भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी को ज्ञापन सौंपते भारतीय किसान संघ के किसान
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कृषि व्यापार अध्यादेश 2020 में सुधार करने की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने कैराना सांसद प्रदीप चौधरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि हर सूरत में किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिलना चाहिए।
बापूजी नगर स्थित सांसद के आवास पर सौंपे ज्ञापन में भारतीय किसान संघ ने कहा कि भारत सरकार कृषि व्यापार से संबंधित तीन अध्यादेश लाने वाली है। इसमें प्रावधान होना चाहिए कि किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिले और वो कहीं भी बेचने के लिए स्वतंत्र हो। उन्होंने कहा कि अध्यादेश में निजी व्यापारियों का केंद्र और राज्य स्तर पर पंजीकरण और बैंक सिक्योरिटी अनिवार्य होना चाहिए। किसानों से संबंधित किसी भी विवाद का निपटारे के लिए स्वतंत्र कृषि न्यायालय की स्थापना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अध्यादेश में किसान की परिभाषा में कारपोरेट कंपनियां भी आ रही हैं। इसमें संशोधन कर जो केवल कृषि पर निर्भर हो उसे ही किसान की परिभाषा में रखा जाए। इस दौरान श्यामवीर त्यागी प्रदेश संयोजक गन्ना, ठाकुर वीर सिंह प्रांतीय अध्यक्ष, राकेश त्यागी प्रांतीय उपाध्यक्ष, राहुल त्यागी जिलाध्यक्ष, विक्रम सिंह पुंडीर जिला महामंत्री, अनिल चौधरी जिला उपाध्यक्ष, अमित राणा जिलाध्यक्ष( युवा), धर्मेंद्र देशवाल जिलाध्यक्ष शामली योगेंद्र, सतपाल सैनी, संजय त्यागी, शुभम आदि मौजूद रहे।