एक्सईएन दफ्तर पर प्रदर्शन करते बिजलीकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अधिशासी अभियंता के साथ सपा नेता द्वारा अभद्र व्यवहार के विरोध में बुधवार को विद्युतकर्मियों ने एक्सईएन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्य बहिष्कार करते हुए विद्युत आपूर्ति बाधित करने की चेतावनी दी।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व सपा नेता कार्तिकेय राणा के नेतृत्व में एक्सईएन कार्यालय पहुंचे समर्थकों ने हंगामा किया था। जिस पर अधिशासी अभियंता जागेश कुमार ने कार्तिकेय राणा पर अभद्र व्यवहार, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत की थी। लेकिन कार्रवाई न होने को लेकर विद्युत कर्मियों में भारी रोष व्याप्त है। बुधवार को एक्सईएन के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
एक्सईएन ने कहा कि इस मामले के संबंध में उनके द्वारा मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, एसएसपी, अधीक्षण अभियंता, एसडीएम, सीओ व कोतवाल के शिकायत की गई थी। लेकिन आज तक भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जिस कारण कर्मचारी असुरक्षा महसूस कर रहे हैं। कहा कि यदि अधिकारियों ने समस्या का संज्ञान नहीं लिया तो कार्य का बहिष्कार करते हुए विद्युत आपूर्ति बाधित की जाएगी। प्रदर्शनकारियों में शशांक गुप्ता, मुनेश कुमार, भोपाल शर्मा के अलावा एसडीओ नागल, एसडीओ देवबंद तथा सर्कल के जेई मौजूद रहे।
उधर सयुस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव कार्तिकेय राणा ने आरोप को निराधार बताया है। कहा कि बिजली वाले घर बैठे ही लोगों पर एफआईआर लिखवा रहे हैं। कनेक्शन किसी ओर के नाम है जबकि रिपोर्ट दूसरी पर दर्ज कराई जा रही है।