सहारनपुर। डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को डेंगू के छह नए मरीज सामने आए, जिनमें शहर और देहात के मरीज शामिल हैं। विभाग की ओर से अभी तक 83 लोगों में डेंगू की पुष्टि की जा चुकी है। एंटीजन से जांच में पुष्ट हो रहे डेंगू के मामलों की गिनती नहीं है और ना ही विभाग उनको मानता है।
वर्तमान में जिले भर में बुखार का प्रकोप है। हर गांव और मोहल्ले में बुखार के मरीज मिल रहे हैं। अनेक जगहों पर बुखार से मौतों की भी सूचना मिल रही है। वह अलग बात है कि चिकित्सा अधिकारी मौत की वजह कुछ और ही मान रहे हैं। डेंगू के मरीजों की संख्या की बात करें तो ज्यादातर निजी पैथोलॉजी लैब डेंगू की जांच एंटीजन किट से कर रही हैं। एक बड़ी पैथोलॉजी लैब से जुड़े सूत्र ने बताया कि निजी लैब पर डेंगू की जांच कराने वालों की भीड़ है। एक-एक लैब पर एंटीजन किट से एक दिन में 100 से अधिक लोगों में डेंगू की पुष्टि हो रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सरकार एंटीजन की जांच को सही नहीं मानती है। एलाइजा टेस्ट में यदि पुष्टि होती है तो वह मान्य है। जनपद में एलाइजा से जांच में अभी तक 83 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। बुधवार को डेंगू के छह नए मामले सामने आए हैं, जिनमें सहारनपुर शहर और सरसावा के मरीज शामिल हैं।
6707 लोगों ने लगवाया टीका
सहारनपुर। कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान में बुधवार को 6707 लोगों ने केंद्रों पर पहुंचकर कोरोनारोधी टीका लगवाया। बुधवार को टीकाकरण के लिए 106 बूथ बनाए गए थे। सहारनपुर शहर में 14, साढ़ौली में 11, मुजफ्फराबाद और पुवांरका में 10-10, सरसावा में नौ, सुन्हेटी खड़खड़ी, नकुड़, नानौता में आठ-आठ, गंगोह, नानौता, देवबंद और रामपुर मनिहारान में सात-सात बूथ बनाए गए। पहली खुराक के लिए 42000 लोगों के सापेक्ष 3323 तथा दूसरी खुराक के लिए पंजीकृत 2900 लोगों के सापेक्ष 3384 लोग टीका लगवाने केंद्रों पर पहुंचे।ु संवाद