सिद्धपीठ से श्रीराम मंदिर जन्मभूमि निधि समर्पण का शुभारंभ
बेहट। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा रविवार को श्रीराम मंदिर जन्म भूमि निधि समर्पण अभियान का शुभारंभ सिद्धपीठ श्री शाकंभरी सिद्धपीठ से विधिवत पूजा अर्चना कर किया गया। इससे पहले निधि समर्पण के लिए विशेष रूप से बनाए गए साहित्य को शोभायात्रा के रूप में बेहट संघ कार्यालय से शाकंभरी तीर्थ तक ले जाया गया, जहां से पूजा अर्चना के बाद उसे 15 जनवरी से हर गांव शहर में ले जाया जाएगा और मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह के लिए प्रयुक्त किया जाएगा।
हितेश विहार कालोनी स्थित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ कार्यालय पर सुबह से ही हिंदू संगठन से जुड़े लोग इकट्ठा होने शुरू हो गए थे। शोभायात्रा के रूप में श्रीराम मंदिर जन्म भूमि निधि समर्पण अभियान के लिए बनाए गए विशेष सामग्री को एक वाहन में सजाकर सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी तक ले जाया गया। पहला पड़ाव बगलामुखी सिद्धपीठ पर रहा। यहां आयोजकों ने पूजा अर्चना की। भूरादेव पर प्रथम पूजा के बाद पैदल शोभायात्रा के रूप में श्री शाकंभरी देवी दरबार तक ले जाया गया। सिद्धपीठ के मुख्य पूजारी ने निधि सामग्री की पूजा अर्चना की। लौटते समय शोभायात्रा का फतेहपुर कलां व बेलका माफी में स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। शोभायात्रा बेहट के मुख्य मार्गों से होते हुए संघ कार्यालय पर पहुंचने के बाद संपन्न हुई। इस दौरान यात्रा में जिला अभियान प्रमुख नवाब सिंह, सह अभियान प्रमुख संजय सिंह, जिला प्रचारक अखिलेश सिंह, दिनेश सिंघल, कविन्द्र पोसवाल, शिव मोहन सिंह, विश्वबंधु, डा. महिपाल सैनी, सुधीर राणा, राजसिंह राणा, प्रिंस, वतन सिंह, पारस, मांगेराम शर्मा, अखिलेश कौशिक, प्रवीन सिंघल, राजवीर सिंह आदि शामिल रहे।