सहारनपुर। भारतीय किसान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के लखनऊ पते पर एक धमकी भरा पत्र भेजा गया है, जिसमें गो-वंश की रक्षा करने पर दो हिंदू संगठनों के नेताओं की हत्या करने के बाद अब देवेंद्र तिवारी के निशाने पर होने की बात कही गई है। इसके साथ ही पत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व देवेंद्र तिवारी की फोटो पर काटे का निशान बनाया गया है।
आरोपी ने खुद को देवबंद निवासी बताया है। पत्र में लिखा मोबाइल फोन नंबर पुलिस की जांच में फर्जी निकला है। इस मामले की जांच लखनऊ के कमिश्नर कर रहे हैं। इस संबंध में सहारनपुर पुलिस से भी सहयोग मांगा गया है। पुलिस के मुताबिक पत्र में देवेंद्र तिवारी को कहा गया कि यदि उसने गोवंश की रक्षा की तो उसकी भी हत्या कर दी जाएगी। इससे पूर्व हिंदू संगठनों के दो शीर्ष नेताओं की गोवंश की रक्षा करने पर हत्या की जा चुकी है। अब देवेंद्र तिवारी की बारी है। पत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व देवेंद्र तिवारी की तस्वीर पर काटे का निशान बनाया गया है। पत्र में आरोपी ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सुरक्षाकर्मी न होते तो उनकी भी हत्या कर दी जाती। पत्र भेजने वाले ने अपना नाम मोहम्मद अकमल निवासी देवबंद बताया है। एसएसपी आकाश तोमर का कहना है कि मामले की जांच लखनऊ कमिश्नर कर रहे हैं। लखनऊ पुलिस ने उनसे संपर्क किया है। आरोपी ने पत्र में अपना मोबाइल फोन नंबर भी लिखा है, जो जांच में फर्जी निकला है। आरोपी के देवबंद के पते की भी जांच कराई जा रही है। इसके साथ पता लगाया जा रहा है कि किस डाकघर के जरिए पत्र भेजा गया है।