देवबंद। भीषण गर्मी के कारण लोग बुरी तरह हलकान हैं। दिन निकलते ही आसमान से आग बरसना शुरू हो जाती है। वहीं कुछ-कुछ देर के बाद लगने वाले बिजली के झटकों ने भी लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है। लोग रात में भी चैन की नींद नहीं ले पा रहे हैं।
नौतपा के कारण तन को झुलसा देने वाली गर्मी के कारण लोग पिछले कई दिनों से बुरी तरह से बिलबिलाएं हुए हैं। दोपहर 12 बजते-बजते जहां बाजारों की रौनक खत्म हो जाती है वहीं अंधाधुंध बिजली कटौती हो रही है। दिन में मात्र कुछ एक घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है। इतना ही नहीं रात के समय में कुछ-कुछ देर के बाद ट्रिपिंग होने से लोग चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। भीषण गर्मी पड़ने से लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। जिससे बिजली उपकरण फुंकने लगे हैं। विद्युत निगम के एसडीओ अनिल चौरसिया ने बताया कि बिजली व्यवस्था में सुधार के सभी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से सहयोग का अनुरोध किया। बताया कि सभी ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं। गर्म होने पर ट्रांसफार्मरों को कुछ देर के लिए बंद करना पड़ रहा है।