सहारनपुर। कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान में बृहस्पतिवार को जिलेभर के 73 बूथों पर टीकाकरण हुआ। इस दौरान 4175 लोगों ने पहली तथा 2655 लोगों ने दूसरी खुराक ली। यानी कुल 6830 लोगों ने केंद्रों पर पहुंचकर टीका लगवाया।
बृहस्पतिवार को सहारनपुर शहर में 26, सरसावा में नौ, गंगोह, मुजफ्फराबाद, पुवांरका और सुन्हेटी खड़खड़ी में पांच-पांच, नानौता में चार, देवबंद, नागल, नुकड़ और साढ़ौली कदीम में तीन-तीन तथा रामपुर मनिहारान में दो बूथों पर टीकाकरण हुआ। पहली खुराक के लिए 8000 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा, इनके सापेक्ष 4175 लोग टीका लगवाने केंद्रों पर पहुंचे। दूसरी खुराक के लिए 2200 लोगों का लक्ष्य था, इनके सापेक्ष 2655 लोगों ने केंद्रों पर पहुंचकर खुराक ली।
पार्षद के सहयोग से चल रहा केंद्र
सहारनपुर। सराफा बाजार में स्थित जैन स्कूल में भी बृहस्पतिवार को टीकाकरण हुआ। स्थानीय पार्षद आशुतोष सहगल ने बताया कि यह केंद्र उनकी मांग पर बनाया गया है, केंद्र 22 जून से चल रहा है। केंद्र में अभी तक एक हजार से अधिक लोग टीका लगवा चुके हैं। बृहस्पतिवार को पांचवीं बार टीकाकरण हुआ। 400 के सापेक्ष 340 लोगों ने केंद्र में टीका लगवाया। उन्होंने बताया क्षेत्रीय लोगों को टीका लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मोनिका, दीपा, नीलम, सोनिया जैन, मोहित कुमार की टीम ने टीकाकरण किया है। अभियान को सफल बनाने में अनुपम गर्ग, नितिन कौशिक, मनीष लोहान, अंकुश जैन, रमेश अरोड़ा, गुलशन भंडारी, अभय जैन आदि का सहयोग रहा।