नागल। बुधवार सुबह गांव ताजपुर में जोत की जमीन को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। जिसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी नागल में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
एक पक्ष के धर्मेंद्र का कहना है कि सुबह करीब सात बजे उनके परिवार के तीन चचेरे भाई नरेंद्र, ईशु और रजत ट्रैक्टर से खेत में गोबर डालने जा रहे थे। रास्ते में दूसरे पक्ष के पांच लोगों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इसमें तीनों लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। उधर दूसरे पक्ष से इकराम का कहना है कि करीब पांच वर्ष पूर्व उन्होंने गांव के पास ही दो बीघा जमीन खरीदी थी और तभी से उक्त जमीन पर वह फसल बोते आ रहे हैं। बुधवार सुबह सात बजे जब वह अपना खेत जोत रहे थे तभी दूसरे पक्ष के चार लोग लाठी-डंडे लेकर आए और उन्हें गाली गलौज करते हुए जुताई करने से रोका। इसका विरोध करने पर उन लोगों ने हमला कर दिया। इसमें अमजद घायल हुआ है।
सूचना के बाद गांव पहुंची पुलिस ने चारो घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। थाना प्रभारी का कहना है कि जमीन का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। दोनों पक्ष से तहरीर मिल गई है। मामले में जांच करने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।