बड़गांव। बुखार से क्षेत्र के दो ग्रामीणों की हायर सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई है। ग्रामीणों की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मचा है।
क्षेत्र के गांव बालूमाजरा निवासी पूर्व प्रधान राजबीर पुत्र शिया (52) को लगभग 15 दिन पहले बुखार आया था। स्वजनों ने नानौता व देवबंद के नर्सिंग होम में इलाज कराया। यहां इलाज कराने के दौरान राजबीर की एक आंख की रोशनी कम हो गई। गंभीर हालत में परिजनों ने पूर्व प्रधान राजबीर को सहारनपुर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
परिजनों के मुताबिक इस दौरान उसकी दूसरी आंख की रोशनी भी कम हुई तो सहारनपुर से चिकित्सक ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें 29 मई को ऋषिकेश के एम्स के कोविड सेंटर में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान बुधवार की सुबह उसकी मौत हो गई। उधर दल्हेड़ी गांव में रिच्छपाल सिंह पुत्र श्रीपाल (60) पुत्र श्रीपाल सिंह को भी करीब पंद्रह दिन पहले बुखार आया था। इसके बाद परिजन उन्हें भी चिकित्सक के पास लेकर गये थे। लगातार हालत चिंताजनक होती देख परिजन इन्हें भी तीन दिन पहले हायर सेंटर लेकर गए जहां उपचार के चलते बुधवार की सुबह उनकी मौत हो गई।