फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुजरात में सबसे ज्यादा बीफ निर्यातः शुक्ला

Thu, 08 Oct 2015 12:14 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा के बिसाहड़ा कांड से केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए सांसद और आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। गुजरात से सबसे ज्यादा बीफ का निर्यात हो रहा है। केन्द्र सरकार आखिरकार बीफ निर्यात पर रोक क्यों नहीं लगा रही है। जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकार है, वहां भी अब तक प्रतिबंध नहीं लग पाया है।
विज्ञापन


गांधी मैदान में कांग्रेस की परिवर्तन रैली में पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने कहा कि वायदों के दम पर नरेंद्र मोदी ने चुनाव जीता। मगर, अब उन्हें गांवों में जाने की फुर्सत नहीं है। मुफ्त के जहाज से करोड़ों रुपये खर्च कर वे विदेशों यात्राओं में मशगूल हैं। उन्होंने कहा कि देश की फिक्र छोड़कर विदेशों में रैली कर रहे हैं। मानों मोदी को अगला चुनाव अमेरिका से लड़ना है।

अच्छे दिनों की याद दिलाते हुए बोले, किसी के अच्छे दिन नहीं आए, बल्कि मोदी के अच्छे दिन हैं। चुनाव से पहले कहा था कि सरकार बनने के 15 दिन बाद दाउद इब्राहिम को भारत लाएंगे। 15 महीने बाद न दाउद का पता है और न ही इब्राहिम का है। 56 इंच का सीना दिखाने वाले चीन से सारी जमीनें वापस लाने की बात करते थे। सरकार बनने के बाद चीन ने हमारी जमीनें कब्जा ली।
विज्ञापन


पाकिस्तान के जरिए मोदी पर वार किया और कहा, पाकिस्तान से मोदी के लिए आम की पेटियां भिजवाई जा रही हैं और यहां से वे साड़ियां भेज रहे हैं। भाजपा की सरकार बनने के बाद 55 सैनिकों की मौत सीमा पर हो चुकी है। मगर, हमारी सरकार आदान-प्रदान में जुटी है। महंगाई पर केन्द्र सरकार को घेरा और कहा रेल से लेकर दूध के दाम बढ़ गए। अंतरराष्ट्रीय मार्केट में पेट्रोल-डीजल के दाम 40 डालर तक गिर गए। मगर, केन्द्र सरकार और तेल कंपनियां अपनी जेबें भर रही हैं। भाईचारा तोड़ने वाली इस सरकार को न तो राम से मतलब है और न ही रहीम से, उन्हें केवल वोट से मतलब है। प्रदेश की सपा सरकार को भी आड़े हाथों लिया। आईपीएल चेयरमैन ने कहा कि मुलायम सिंह खुद ही प्रेसवार्ता कर अपने बेटे की सरकार का मजाक उड़ाते रहते हैं। बसपा सुप्रीमो पर टिकट बेचने का आरोप लगाया।

मोदी-मुलायम की नूराकुश्ती में लग रही जान की कीमत : इमरान
पूर्व विधायक इमरान मसूद ने कहा कि यूपी में मुलायम और मोदी नूराकुश्ती खेल रहे हैं और वोट हासिल करने के लिए हमारी जान की कीमत लगाई जा रही है। बिसाहड़ा प्रकरण पर दोनों सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि गौ हत्या पूर्णतया प्रतिबंधित होनी चाहिए।

गाय हिंदुओं की आस्था है और इससे खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। दारुल उलूम के फतवे का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सबसे बड़ी संस्था कह चुकी है कि गाय का वध नहीं होना चाहिए। इसके बाद भी हमारे पर इल्जाम लगाते हो। फिर बोले, दादरी कांड में जो दोषी हैं उसे सजा मिलनी चाहिए। आजम खां पर निशान साधते हुए कहा कि आप जिम्मेदार पद पर हैं और यूएन जाने की बात कर रहे हैं।

यह मसला हमारा है और हम आपस में निपटाएंगे। हमें तो यह बताइए कि कार्रवाई क्या किया है। कितने अधिकारी हटाए और कितने सस्पेंड किए। प्रदेश सरकार को मुस्लिम विरोधी बताते हुए कहा कि पीसीएसजे की परीक्षा में 40 नम्बर उर्दू के होते थे, लेकिन, तीन साल पहले उर्दू समाप्त कर दी। जिसके चलते एक भी मुस्लिम क्वालीफाई नहीं कर सका। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वार करते हुए कहा कि जिनके साथ बैठकर  खाना खाते हैं और उनकी फैक्ट्रियां तो बंद कराइए। बोले, प्रधानमंत्री के सारे बोल नाटकीय हैं।

विदेश जाकर मां को याद करके रोते हैं और यहां मां को दूर रखते हैं। कहा कि नरेंद्र मोदी मुल्क का रंग भगवा करना चाहते हैं। फिरकापरस्ती के खिलाफ सभी को मिलकर खड़ा होना होगा। भाजपा पर निशाना साधा और कहा भाजपा के मुख्यमंत्री ने गोवा में गाय के वध पर प्रतिबंध लगाने से मना कर दिया। सरकार मजदूरों पर डंडा चलाती है और उद्यमियों के अच्छे दिन लाती है।

मंच से दी प्रशासन को खुली चुनौती
छह महीने पहले सड़क दूधली प्रकरण में पुलिस और प्रशासन को मंच से खुली चुनौती देते कहा कि कान खुलकर अफसर सुन लें। अगर निर्दोषों पर कार्रवाई की हिम्मत की गई तो ईंट से ईंट बजा दी जाएगी। इस मामले में मौजूद भीड़ से समर्थन मांगा और कहा प्रशासन के खिलाफ चक्का जाम के लिए हाथ उठवाकर समर्थन मांगा। इससे पहले सभा को पूर्व सांसद मंसूर अली खां, मुकेश चौधरी, शशि वालिया, नरेश सैनी, शकुंतला सहित अन्य लोगों से भी संबोधित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें