सांसद इमरान मसूद के आवास के बाहर से विजय हिंदुस्तानी को पकड़कर ले जाते सीओ व अन्य पुलिसकर्मी।
सहारनपुर। शहीद भगत सिंह की हमास से तुलना वाले बयान पर मचे विवाद के बीच सांसद इमरान मसूद के आवास पर बृहस्पतिवार को एक युवक खुद को जंजीरों में जकड़कर पहुंच गया। युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हंगामे के बाद इमरान मसूद ने शहीद भगत सिंह के भतीजे के घर पहुंचकर सफाई दी। कहा कि बयान को गलत पेश किया जा रहा है। भगत सिंह हमारे गर्व हैं।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने एक साक्षात्कार के दौरान शहीद भगत सिंह की तुलना हमास से की थी। इसके बाद से ही लगातार विरोध प्रदर्शन जारी है। बृहस्पतिवार को शामली से विजय हिंदुस्तानी नाम का युवक अंबाला रोड स्थित सांसद के आवास के बाहर पहुंच गया। पुलिस को उसके आने की भनक पहले ही लग गई थी। ऐसे में वहां पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था, लेकिन युवक खेतों के रास्ते घर के बाहर तक पहुंच गया। युवक ने खुद को जंजीरों में जकड़ रखा था। युवक का कहना था कि शहीद भगत सिंह की तुलना हमास से क्यों की गई, यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामला बढ़ता देख पुलिस ने युवक को हिरासत में कुतुबशेर थाने ले आई।
विरोध करने वाले पहले शहीद भगत सिंह को पढ़ें, तब बोलें : इमरान
इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद ने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। शहीद भगत सिंह ने अपने देश की माटी के लिए फांसी के फंदे को चूम लिया, लेकिन उन्होंने गुलामी की जंजीरों को स्वीकार नहीं किया। ऐसे विराट व्यक्तिव के लिए माफी बहुत छोटा शब्द है। वह हमारे सिर के ताज हैं। युवक के विरोध-प्रदर्शन पर कहा कि मैं तो उन्हें बिठाकर चाय पिलाता, लेकिन इस तरह तमाशा करने से भगत सिंह नहीं बना जा सकता। उनकी विचारधारा को अपनाना पड़ेगा। इस तरह विरोध-प्रदर्शन करने वाले लोगों को पहले पूरी जानकारी करनी चाहिए। भगत सिंह को पढ़ें, तब बोलें।
भगत सिंह के भतीजे के घर पहुंचकर इमरान ने दी सफाई
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सांसद इमरान मसूद जैन कॉलेज रोड स्थित शहीद भगत सिंह के भतीजे किरणजीत सिंह संधू के आवास पर पहुंचे। सांसद ने कहा कि उनके साक्षात्कार के एक हिस्से को तोड़-मरोड़कर गलत संदर्भ में पेश किया गया है। वह किसी भी परिस्थिति में शहीद भगत सिंह की तुलना किसी से नहीं कर सकते। किरणजीत सिंह ने कहा कि नेताओं को भी अपनी राजनीति में किसी भी स्वतंत्रता सेनानी के नाम का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। शहीदों का सम्मान राजनीति से काफी ऊपर है। इस मुलाकात के बाद किरणजीत सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सांसद इमरान मसूद ने अपनी सफाई दी है। वह इससे संतुष्ट हैं और अब इस विवाद को खत्म कर देना चाहिए।