सहारनपुर। कोरोना टीकाकरण शनिवार से शुरू हो गया है। 500 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने के लक्ष्य के सापेक्ष 427 को टीका लगा, लेकिन अभी टीकाकरण की दूसरी तारीख तय नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि शासन से निर्देश आने पर नई तारीख जारी होगी। टीकाकरण केंद्रों की संख्या में भी तभी फेरबदल होगा।
दरअसल, जिले में 13730 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाना है। पहले दिन के टीकाकरण में 427 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लग चुका है। अभी 13303 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगवाया जाना बाकी है। चूंकि पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को ही टीका लगना है, ऐसे में शासन की गाइडलाइन का इंतजार किया जा रहा है कि बाकी स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगवाने के लिए क्या शेड्यूल रहेगा। गौरतलब है कि पूर्व में टीकाकरण के लिए 11 सेंटर बनाए गए थे। एक सेंटर पर 100 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगना है, उस लिहाज से एक दिवस में सभी केंद्रों पर 1100 लोगों को टीका लग जाता, लेकिन अब सिर्फ पांच केंद्रों पर ही टीका लगा है। संभावना है कि शासन से गाइडलाइन आने पर केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि शासन ने फिलहाल टीकाकरण के लिए 16 जनवरी की तारीख ही तय की थी, नई तारीख जब तय होगी तो उसके अनुसार टीकाकरण कराया जाएगा।
दूसरे चरण में इन्हें लगेगा टीका
पहला चरण तब तक चलेगा, जब तक जनपद में पंजीकृत सरकारी और गैर सरकारी 13730 स्वास्थ्यकर्मी कवर ना हो जाएं। दूसरे चरण में फ्रंटलाइन में रहने वालों जैसे पुलिस, राजस्व विभाग, सफाई कर्मी आदि लोगों को टीका लगाया जाएगा। इनके पंजीकरण की व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है, जिसके बाद इनकी संख्या निकलकर सामने आएगी।